Categories

August 11, 2026

Nainital: छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, ड्रेस मिलने से मची खलबली; पुलिस और परिजन तलाश में जुटे

1 min read

मोटाहल्दू क्षेत्र में कक्षा 10 की छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया है। खेत में स्कूल ड्रेस मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है।

नैनीताल जिले के मोटाहल्दू क्षेत्र से कक्षा दस की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। छात्रा की स्कूल ड्रेस खेत में बरामद होने के बाद पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुट गए हैं। पुलिस ने तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं।

शक्तिफार्म निवासी सतीश उपाध्याय की बेटी ललिता बृहस्पतिवार को मोटाहल्दू चौराहे स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गई थी। दोपहर दो बजकर पांच मिनट पर छुट्टी के बाद वह अपनी सहेली के साथ घर के लिए निकली। हाईवे पार करने के बाद सहेली अपने घर चली गई लेकिन ललिता कालिका मंदिर स्थित घर नहीं पहुंची। परिजनों की तलाश के दौरान मदरसन कंपनी के समीप खेत में झाड़ियों के बीच छात्रा की स्कूल ड्रेस पड़ी मिली। सूचना पर एसपी सिटी जगदीश चंद्र, सीओ अमित कुमार सैनी और कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा, एसओजी, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड कपड़ों की मदद से स्कूल तक गया जिसके चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी रोका गया। हालांकि सफलता नहीं मिली।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, हालांकि कई कैमरे खराब मिले हैं। फुटेज में छात्रा कपड़े मिलने के स्थान से कुछ पहले तक नजर आई है। कोतवाल बृजमोहन राणा ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए टीमें सक्रिय हैं। हर पहलू से जांच की जा रही है।

डायल 112 की सूचना पर लालकुआं कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। छात्रा की तलाश के लिए टीमें गठित कर जांच शुरू की है। छात्रा को जल्द बरामद किया जाएगा।-डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम

More Stories

You may have missed