हरिद्वार होमगार्ड भर्ती में 20 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र संदिग्ध, एआई से बनाए सर्टिफिकेट, आवेदन निरस्त
1 min readहरिद्वार में होमगार्ड के 227 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, इन पदों के लिए करीब 11 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था
हरिद्वार: उत्तराखंड में नीट एमबीबीएस फेक सर्टिफिकेट एडमिशन मामला शांत भी नहीं हुआ था कि एक और फर्जी सर्टिफिकेट का केस सामने आ गया है. हरिद्वार जिले में होमगार्ड की नौकरी हासिल करने के लिए कूटरचित तरीके (Fraudulent methods) से फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का मामला सामने आया है.
होमगार्ड भर्ती में फर्जीवाड़ा: हरिद्वार जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान कम्प्यूटराइज्ड तरीके और एआई की मदद से तैयार किए गए 20 से अधिक अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण संदिग्ध पाए गए हैं. इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रमाण पत्र शामिल हैं. मामला सामने आने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं. साथ ही उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
होमगार्ड भर्ती में 20 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र संदिग्ध: होमगार्ड के मंडलीय कमांडेंट के अनुसार, उत्तराखंड के कई जिलों में जुलाई 2026 में होमगार्ड के कई पदों पर भर्ती निकाली गई थी. हरिद्वार जिले में भी होमगार्ड के 227 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी. इन पदों के लिए करीब 11 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. दस्तावेजों का सत्यापन शुरू किया गया.
कूटरचित तरीके से फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का मामला: सत्यापन के दौरान भर्ती प्रक्रिया में शैक्षिक प्रमाण पत्रों के आधार पर मिलने वाले अतिरिक्त अंकों का लाभ लेने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा किए जाने का मामला पकड़ में आया. जिसके बाद गहनता से विभागीय जांच की गई तो जांच में 20 से अधिक अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए. कमांडेंट ने बताया कि इन दस्तावेजों को कूटरचित तरीके से तैयार किया गया था.
संदिग्ध अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त: मामले का खुलासा होने के बाद विभाग ने संबंधित सभी 20 अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए हैं. विभाग अब उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. होमगार्ड भर्ती के दौरान सामने आए इस मामले ने भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेजों के सत्यापन में तकनीक के दुरुपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. होमगार्ड विभाग के अनुसार, कुछ अभ्यर्थियों ने भर्ती में अतिरिक्त अंक हासिल करने के लिए एआई की मदद से फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्र तैयार किए थे. जांच के दौरान प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित अभ्यर्थियों के खिलाफ आवेदन निरस्त करने की कार्रवाई की गई.
होमगार्ड के मंडलीय कमांडेंट का बयान: होमगार्ड के मंडलीय कमांडेंट गौतम कुमार ने बताया कि-
भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया. इसमें 20 अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए हैं. फिलहाल इन सभी के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं. इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है. जांच के उपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-गौतम कुमार, मंडलीय कमांडेंट, उत्तराखंड होमगार्ड-
