Categories

September 12, 2026

हरीश रावत ने कांग्रेस के सभी पदों से दिया इस्तीफा, पूर्व पीए के ठिकानों से नकदी-ज्वेलरी बरामदगी के बाद लिया फैसला

1 min read

ईडी ने पूर्व CM हरीश रावत के PA के घर छापा मारकर 32 लाख कैश, 12 लग्जरी घड़ियां और सोना बरामद किया था

देहरादून: ईडी ने UKSSSC VPDO एग्जाम 2016 में हुई गड़बड़ियों के मामले में पूर्व सीएम हरीश रावत के ओएसडी और पीए रहे चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर छापा मारकर भारी मात्रा में कैश सोने के सिक्के, चेन और महंगी घड़ियां बरामद की थी. देर रात इसका साइड इफेक्ट भी दिख गया. पूर्व सीएम हरीश रावत ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य और प्रदेश कांग्रेस के स्थाई आमंत्रित सदस्य दोनों पदों से इस्तीफा देने की बात कही है.

पूर्व सीएम हरीश रावत ने कांग्रेस के अपने सभी पदों से इस्तीफा दिया: पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने साथ ही कहा कि नियुक्तियों और परीक्षाओं में गड़बड़ी हमारी आने वाली पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं. यदि मुझसे जाने-अंजाने में भी कोई ऐसा कृत्य हुआ है, जिससे हमारे राज्य के नौजवानों के भविष्य पर दुष्प्रभाव पड़ा है, तो उसके लिए मैं अपने को प्रताड़ना का पात्र मानता हूं. हरीश रावत ने कहा कि मैं राज्य के लोगों से इस चूक के लिए क्षमा चाहता हूं. पूर्व सीएम ने आगे कहा कि मैं सार्वजनिक रूप से एक अपील भी करना चाहता हूं कि यदि किसी व्यक्ति को इस तरह की की नियुक्तियों के मामले में हस्तक्षेप करने की मेरी संलिप्तता के कोई प्रमाण उनके पास हों, तो वो उन प्रमाणों को सीबीआई, ईडी या राज्य पुलिस को जरूर उपलब्ध करवाएं.

हरीश रावत ने कहा अगर मैंने गलत किया तो दंडित किया जाना चाहिए: हरीश रावत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जिसे बड़े दायित्व को संभालने का अवसर मिलता है, तो उन्हें हमेशा इस तरीके के घृणित प्रलोभनों से बचना चाहिए. यदि मुझसे कोई ऐसी चूक हुई है, तो पुनः दोहरा रहा हूं कि मैं अपने को दंड का पात्र समझता हूं. कानून को मुझे दंडित करना चाहिए.

हरीश रावत ने ईडी के छापों को चुनाव से जोड़ा: हालांकि हरीश रावत ईडी की कार्रवाई को आने वाले विधानसभा चुनाव 2027 से जोड़ने से भी नहीं चूके. अपनी वाकपटुता के लिए जाने जाने वाले हरीश रावत ने कहा कि जब लोग मुझसे पूछते हैं कि उत्तराखंड में चुनाव कब हैं? तो मैं मजाक में उनसे कहता हूं कि जब सीबीआई मेरे घर आएगी, समझ जाना चुनाव आ गए हैं. हरीश रावत ने राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया.

हरीश रावत बोले- एकजुट कांग्रेस को कमजोर नहीं होने दे सकता हूं: ऐसे समय में हरीश रावत ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर लड़ रही है तो, ऐसे में किसी भी कृत्य से यदि पार्टी के संघर्ष में कोई कमजोरी आती है, तो मैं ऐसा बिल्कुल नहीं चाहूंगा. इसलिए मैंने अभी अपने ईष्ट देवता का स्मरण करके एक बड़ा निर्णय लिया है कि मैं किसी सरकारी पद पर तो हूं नहीं, कि उससे त्यागपत्र दूं. हां मैं, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का सदस्य हूं और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस कार्यसमिति का स्थाई आमंत्रित सदस्य हूं और मैं बहुत विनम्रता पूर्वक इन दोनों पदों से हटना चाहूंगा, क्योंकि पार्टी के संघर्ष में कोई कमजोरी मेरी वजह से नहीं आनी चाहिए.

More Stories

You may have missed