Categories

September 2, 2026

माइनिंग चेक पोस्ट से चुराया 35 लाख का ट्रक, जंगल में छिपाया, पुलिस से बच नहीं सके यूपी के वाहन चोर परवेज और हबीब

1 min read

यूपी के दो वाहन चोरों परवेज और हबीब ने हरिद्वार के श्यामपुर माइनिंग चेक पोस्ट से 24 अगस्त को 12 टायरा ट्रक चोरी किया था

हरिद्वार: श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को बरामद कर लिया है. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों के बीच से बरामद किया. आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट भी हटा दी थी.

माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुआ 35 लाख का ट्रक बरामद: एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि 24 अगस्त को श्यामपुर क्षेत्र स्थित माइनिंग चेक पोस्ट से एक 12 टायरा ट्रक चोरी होने की शिकायत मिली थी. इस संबंध में कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया.

यूपी के के दो वाहन चोर परवेज और हबीब गिरफ्तार: पुलिस टीम ने लगातार संदिग्धों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान दो संदिग्धों के नाम सामने आए. 31 अगस्त को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजाद परवेज निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, थाना नजीबाबाद, बिजनौर और हबीब खां निवासी मोहल्ला किला, थाना नजीबाबाद, बिजनौर के रूप में हुई है.

12 टायरा ट्रक चोरी किया था: पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक चोरी करने की बात स्वीकार की और बताया कि उन्होंने ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र में जंगल गुर्जर बस्ती की ओर छिपाकर रखा है. उपनिरीक्षक गगन मैठाणी पुलिस टीम के साथ दोनों आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंचे. उनकी निशानदेही पर गुर्जर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते के पास जंगली झाड़ियों के समीप से लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक बरामद कर लिया गया.

नंबर प्लेट हटाई लेकिन फिर भी हो गई पहचान: पुलिस के मुताबिक चोरी हुआ करीब 35 लाख रुपये कीमत का ट्रक था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पहचान छुपाने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट को हटा दिया था लेकिन ट्रक के दस्तावेजों और उसके चेसिस व इंजन नंबर के आधार पर पहचान कर ली गई.

एसपी क्राइम ने क्या कहा: एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि-

ट्रक चोरी की शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज किया गया. सफलता हासिल करते हुए पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया. दोनों की निशानदेही पर झाड़ियां में छुपाया गया ट्रक भी बरामद कर लिया गया है. गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें सीधा जेल भेज दिया गया है.
-निशा यादव, एसपी क्राइम-

You may have missed