Categories

September 29, 2026

देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हफ्ते में 6 दिन चलेगी हवाई सेवा, लोगों को आवागमन में होगी सहूलियत; सीएम ने कही ये बात

1 min read

प्रदेश में अब पिथौरागढ़-देहरादून हवाई सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। अभी तक यह हेली सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित हो रही थी। अब सप्ताह में छह दिन संचालन होने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में और अधिक सहूलियत मिलेगी। प्रदेश में हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। इस समय प्रदेश से सभी प्रमुख शहरों को हवाई सेवा से जोड़ा जा चुका है। हाल ही में प्रदेश सरकार अयोध्या, लखनऊ और अमृतसर के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू कर चुकी है।

प्रदेश के भीतर बढ़ाया जा रहा हवाई सेवाओं का दायरा
प्रदेश के भीतर भी हेली व हवाई सेवाओं, दोनों का दायरा बढ़ाया जा रहा है। कुछ समय पूर्व देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा फिर से शुरू की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसका शुभारंभ किया था। यह हवाई सेवा पहले भी सप्ताह में छह दिन संचालित होनी प्रस्तावित थी। यद्यपि, तकनीकी कारणों के चलते इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जा रहा है।

समस्या हुई दूर, अब छह दिन होगा संचालन
अब हवाई सेवा का संचालन करने वाली कंपनी ने अवगत कराया है कि हवाई सेवा के संचालन में आ रही तकनीकी समस्या दूर हो गई है और इसका अब सप्ताह में छह दिन संचालन किया जा सकेगा। प्रदेश में पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले शुरू की जा रही यह सेवा निश्चित रूप से स्थानीय निवासियों के साथ ही पर्यटकों के लिए भी लाभकारी साबित होगी। अभी यह तय नहीं हुआ है कि किस एक दिन यह सेवा संचालित नहीं होगी। जल्द ही इसकी समय सारिणी जारी होने की उम्मीद है।

 

More Stories

You may have missed