Categories

October 9, 2026

हाथ में तमंचा, निशाने पर पत्नी! कत्ल करने निकले सिरफिरे पति को पुलिस ने रास्ते में दबोचा, बची पत्नी की जान

1 min read

पत्नी को मौत के घाट उतारने निकले पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया. पुलिस ने अवैध हथियार और बिना नंबर की बाइक भी बरामद की.

हरिद्वार: पत्नी से विवाद के चलते उसकी हत्या करने के इरादे से तमंचा लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को कनखल कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला. पुलिस को देखकर उसने बाइक स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के इरादे से तमंचा लेकर जाने की बात कही.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया. वहीं पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस की टीम जियापोता-जमालपुर रोड पर बन रहे नए फ्लाईओवर के पास चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति पुलिस को संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया क्योंकि मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. पुलिस टीम को देखकर, आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.

तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी की पहचान कृष्णवीर उर्फ बिट्टू पुत्र गजेंद्र सिंह निवासी खंजरपुर, मोदीनगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा है. उसकी पत्नी जगजीतपुर क्षेत्र में रहती है. आरोपी पत्नी से मिलने जाने की बात कह रहा था और उसने पुलिस को बताया कि वह पत्नी की हत्या करने के इरादे से तमंचा लेकर जा रहा था.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद तमंचे को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की.कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है.

रुड़की में फिल्मी अंदाज में पकड़ा बदमाश: हरिद्वार जिले के रुड़की में गुरुवार की रात पुलिस और बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज में दौड़भाग देखने को मिली. दरअसल, पुलिस टीम ने जब एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो कार सवार बदमाशों ने वाहन दौड़ा दिया. वहीं पीछा कर रही पुलिस द्वारा कार को रोकने के लिए फायरिंग की गई तो पुलिस की गोली कार के टायर में जा लगी, जिससे कार का टायर पंक्चर हो गया. जिसके बाद बदमाशों को वाहन रोकना पड़ा और पुलिस ने कार सवार एक बदमाश को मौके से हिरासत में ले लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा. फिलहाल पुलिस फरार युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

More Stories

You may have missed