Categories

August 8, 2026

कांवड़ियों के भेष में नकली नोट चलाने वाला गिरोह, दुकानदार ने पकड़ा, झटका देकर भागे, 30 हजार की फेक करेंसी बरामद

1 min read

भागने के दौरान नकली नोटों के सौदागरों का सामान दुकान पर ही छूट गया, 100, 200 और 500 के नकली नोट बरामद

हरिद्वार: कांवड़ मेले में कांवड़ियों की भीड़ के बीच नकली नोट चलाने का मामला सामने आया है. हरकी पैड़ी क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों के भेष में पहुंचे कुछ युवकों ने एक व्यापारी के साथ लेनदेन के दौरान नकली नोट चलाने का प्रयास किया. व्यापारी को शक हुआ तो उसने युवकों को पकड़ लिया.

कांवड़ मेले में नकली नोट चलाने की कोशिश नाकाम: इसी बीच मौके पर भीड़ जमा हो गई. अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गए, लेकिन आरोपियों का सामान मौके पर ही छूट गया. तलाशी लेने पर उसमें करीब 30 हजार रुपये के जाली नोट बरामद हुए. साथ ही मुरादाबाद चन्दौसी के टिकट, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले हैं. बरामद नोटों में 100, 200 और 500 के नकली नोट शामिल हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

भीड़ का फायदा उठाकर भाग गए नकली नोटों के सौदागर: मामला हर की पैड़ी चौकी क्षेत्र में काली मंदिर के पास का है. यहां कुछ युवक कांवड़ यात्रियों के भेष में व्यापारी के पास पहुंचे थे. उन्होंने खरीदारी के दौरान नोट दिए. नोटों को देखकर व्यापारी को शक हुआ और उसने युवकों को पकड़ लिया. देखते ही देखते आसपास भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान आरोपी व्यापारी की पकड़ से छूटकर भीड़ में गायब हो गए.

30 हजार के नकली नोट बरामद: आरोपियों के मौके पर छूटे सामान की तलाशी ली गई, तो उसमें करीब 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए. इसके अलावा मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट भी बरामद हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पुलिस ने नोट और टिकट समेत सारा सामान कब्जे में ले लिया.

टिकटों के आधार पर पुलिस आरोपियों के हरिद्वार पहुंचने और उनके आने जाने के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फुटेज में आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने के रास्ते का भी पता लगाया जा रहा है. पुलिस को आशंका है कि आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर क्षेत्र से निकल गए होंगे.

पुलिस कर रही आरोपियों की पहचान: नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि-

जाली नोट बरामद किए गए हैं. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है. पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
-कुंदन सिंह राणा, नगर कोतवाली प्रभारी-

हरिद्वार में पूर्व में भी पकड़े जा चुके हैं दो बड़े गिरोह: कांवड़ मेले की शुरुआत से पहले ही पुलिस को शक था कि हरिद्वार में नकली नोट खपाने की साजिश हो सकती है. नगर कोतवाली पुलिस ने इसी तरह नकली नोट चलाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था. पंजाब से मास्टरमाइंड समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था.

उससे पहले श्यामपुर थाना पुलिस ने भी नकली नोट गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था. इनमें कुछ लोग हरिद्वार और कुछ यूपी के बिजनौर जिले के निवासी थे. कुल मिलाकर हरिद्वार कांवड़ मेले के दौरान नकली नोट खपाने की आशंकाएं सच साबित हुई हैं.

You may have missed