July 10, 2026

WhatsApp पर आ रहा नया फीचर, अब आप कभी भूल नहीं पाओगे दोस्तों का बर्थडे!

1 min read

WhatsApp एंड्रॉइड बीटा में एक नया फीचर टेस्ट कर रहा है, जो कॉन्टैक्ट्स के बर्थडे पर इन-ऐप नोटिफिकेशन और डेडिकेटेड सेक्शन दिखाएगा.

हैदराबाद: व्हाट्सएप में एक नया फीचर आने वाला है, जिसकी मदद से आप अपने परिवार, रिश्तेदार या दोस्तों का बर्थडे यानी जन्मदिन कभी नहीं भूलेंगे. दरअसल, व्हाट्सएप अपने यूज़र्स के लिए इस नए फीचर को टेस्ट कर रहा है, जिसकी मदद से अब कोई आसानी से कॉन्टैक्ट्स में मौजूद लोगों के बर्थडे नहीं भूल पाएगा. आइए हम आपको इस नए फीचर के बारे में बताते हैं.

व्हाट्सएप के अपकमिंग फीचर्स को ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म WABetaInfo की लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, इस फीचर को व्हाट्सएप के एंड्रॉयड बीटा वर्ज़न में स्पॉट किया गया है और इसके जरिए कंपनी यूज़र को इन-ऐप नोटिफिकेशन भेजकर उनके कॉन्टैक्ट्स के बर्थडे की याद दिलाती रहेगी.

रिपोर्ट के मुताबिक, इस फीचर को व्हाट्सएप के लेटेस्ट एंड्रॉइड बीटा वर्ज़न 2.26.27.3 में स्पॉट किया गया है. हालांकि, ये अभी डेवलपमेंट स्टेज में ही है और बीटा टेस्टर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं है. कंपनी इस फीचर के जरिए व्हाट्सएप में एक नया डेडिकेटेड सेक्शन जोड़ सकती है, जिसमें यूज़र के कॉन्टैक्ट्स के आने वाले सभी बर्थडे की लिस्ट दिखाई देगी और जिस दिन कॉन्टैक्ट्स में मौजूद किसी यूज़र का बर्थडे होगा, उस दिन व्हाट्सएप एक इन-ऐप नोटिफिकेशन भेज सकता है, जिससे यूज़र्स सीधे उस कॉन्टैक्ट की चैट विंडो में जाकर विश कर पाएंगे.

व्हाट्सएप को जन्मदिन का पता कैसे चलेगा?

ऐसे में सवाल यह उठता है कि व्हाट्सएप को हरेक यूज़र्स के जन्मदिन के बारे में कैसे पता चलेगा? रिपोर्ट के अनुसार, यह फीचर तभी काम करेगा, जब यूज़र्स के कॉन्टैक्ट्स ने पहले से ही अपनी बर्थडेट व्हाट्सएप के साथ शेयर की हो. ऐसा भी हो सकता है कि इसके लिए कंपनी उस डेटा का इस्तेमाल करे, जो उसने पहले किसी रेगुलेटरी मैंडेट के तहत कलेक्ट किया था.

आपको बता दें कि अमेरिका के कुछ राज्यों में व्हाट्सएप यूज़ करने वाले यूज़र्स को एज वेरिफिकेशन के लिए अपनी बर्थडेट देनी जरूरी होती है, लेकिन यह नियम बाकी कई देशों में लागू नहीं किया गया है. इसी वजह से भारत समेत बाकी जगहों पर व्हाट्सएप यूज़र्स से उनकी उम्र की जानकारी नहीं लेता है. इसका मतलब है कि व्हाट्सएप पर आने वाला यह फीचर शुरुआत में सभी कॉन्टैक्ट्स के लिओए अपने-आप काम नहीं कर पाएगा.

इसके अलावा, WABetaInfo की रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि फिलहाल इस बर्थडे नोटिफिकेशन फीचर में प्राइवेसी के लिए किसी गाइडलाइन्स या नियम की जानकारी नहीं दी गई है. इसका मतलब है कि अभी तक यूज़र्स यह तय नहीं कर सकते हैं कि उनका बर्थडेट किसके साथ शेयर कहो या किससे छुपाया जाए. यह फीचर फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है और आने वाले किसी अपडेट के साथ एंड्रॉइड डिवाइसेज़ के लिए रोलआउट होने की उम्मीद है.

More Stories

You may have missed