गलत नंबर पर हो गया रिचार्ज, जानें पैसा वापस पाने का तरीका
1 min read
गलत नंबर पर रिचार्ज हो जाने पर घबराने की बजाय टेलिकॉम ऑपरेटर की कस्टमर सर्विस से तुरंत संपर्क करके ट्रांजैक्शन डिटेल शेयर करनी चाहिए.
हैदराबाद: मोबाइल रिचार्ज करते वक्त कई बार ऐसा होता है कि हम गलती से अपना रिचार्ज ना करके किसी अनजान इंसान के नंबर पर रिचार्ज कर देते हैं. उसके बाद हम अपना पैसा वापस मांगने के लिए उस इंसान को कॉल करते हैं, जिसके नंबर पर गलती से रिचार्ज हो गया है, लेकिन ज्यादातर मौके पर पैसा वापस नहीं मिलता और लोगों को नुकसान झेलना पड़ जाता है. ऐसे स्थिति में घबराने की बजाय जल्दी और सही तरीके से एक्शन लेना जरूरी है. अगर आपने गलती से किसी अनजान नंबर पर मोबाइल रिचार्ज कर दिया है तो आप उस इंसान को कॉल किए बिना भी अपने पैसे वापस पा सकते हैं. आइए हम आपको इसी प्रोसेस के बारे में बताते हैं.
सबसे पहले क्या करें?
आपको सबसे पहले उस प्लेटफॉर्म या ऐप की कस्टमर सर्विस से संपर्क करना है, जिससे आपने रिचार्ज किया था. GPay, PhonePe और Paytm जैसे थर्ड-पार्टी पेमेंट प्लेटफॉर्म पेमेंट को इंस्टेंट प्रोसेस कर देते हैं, इसलिए एक बार ट्रांजैक्शन पूरा हो जाने के बाद वहां से पैसा वापस लाना काफी मुश्किल होता है. वहीं दूसरी ओर, Reliance Jio, Bharti Airtel, Vodafone Idea (Vi) और BSNL जैसे बड़े टेलिकॉम ऑपरेटर्स गलत रिचार्ज की समस्या का समाधान करने के लिए हेल्पडेस्क या चैट सपोर्ट ऑफर करते हैं.
इसके लिए यूज़र को ट्रांजैक्शन आईडी, पेमेंट मेथड, भुगतान की गई राशि और गलती से रिचार्ज हुए मोबाइल नंबर की जानकारी देनी होती है, जिसके बाद कस्टमर सपोर्ट यह चेक करता है कि रिचार्ज रिवर्स या रिफंड हो सकता है या नहीं. अगर आपने रिचार्ज किसी रिटेल शॉप से करवाया था, तो तुरंत उसी दुकान पर जाकर पेमेंट रसीद (फिजिकल या डिजिटल) दिखाएं और गलती के बारे में बताएं, दुकानदार टेलिकॉम ऑपरेटर के डिस्ट्रीब्यूटर या सपोर्ट टीम से बात करके मदद कर सकता है. आइए अब हम आपको टेलीकॉम ऑपरेटर के हिसाब से रिफंड के प्रोसेस बताते हैं:
Reliance Jio वालों के लिए
- MyJio ऐप ओपन करें.
- Recharge History में जाएं.
- गलत ट्रांजैक्शन को सेलेक्ट करें.
- रिफंड शुरू करने के लिए ‘Cancel Plan’ पर टैप करें.
ध्यान रखें कि यह ऑप्शन सिर्फ MyJio ऐप या Jio.com से किए गए रिचार्ज पर ही उपलब्ध है. अगर आपने रिटेलर या थर्ड-पार्टी ऐप से रिचार्ज किया है तो ये प्रोसेस काम नहीं करेगा. रिफंड के लिए यूज़र MyJio Store Credit वॉलेट में इंस्टेंट क्रेडिट या ओरिजिनल पेमेंट मेथड में रिफंड, दोनों में से किसी एक ऑप्शन को चुल सकते हैं.
Bharti Airtel वालों के लिए
- Airtel Thanks ऐप ओपन करें.
- Help & Support में जाएं.
- ‘Facing issue with recent recharge’ सेलेक्ट करें.
- ‘Wrong/Accidental Recharge’ पर टैप करें.
इसके अलावा एयरटेल यूज़र्स गलत रिचार्ज होने के बाद सीधा कंप्लेंट दर्ज कराने के लिए 121 पर कॉल भी कर सकते हैं.
Vi वालों के लिए
- 51619 पर इस फॉर्मेट में एसएमएस भेजें: WRR गलत नंबर ट्रांजैक्शन आईडी अमाउंट सही नंबर.
- या फिर Vi कस्टमर केयर पर कॉल करके प्रॉम्प्ट्स फॉलो करें.
BSNL वालों के लिए
- BSNL नंबर से 1503 या दूसरे ऑपरेटर से 1800-180-1503 पर कॉल करें.
- ट्रांजैक्शन आईडी, गलत नंबर और सही नंबर की जानकारी शेयर करें.
बीएसएनएल की खुद की गाइडलाइन के मुताबिक, आमतौर पर सफल रिचार्ज को रिवर्स नहीं किया जा सकता. इस कारण यहां पर गलत रिचार्ज होने के बाद रिफंड मिलने की संभावना काफी कम होती है. हालांकि, फिर भी यूज़र्स ऊपर बताए गए स्टेप्स के जरिए शिकायत दर्ज करवाकर कोशिश कर सकते हैं.
इन बातों का रखें ख्याल
अगर गलत नंबर सही नंबर से सिर्फ 1-2 डिजिट अलग है, तो रिवर्सल की संभावना ज्यादा रहती है, वहीं पूरी तरह अनजान नंबर पर किए गए रिक्वेस्ट को ऑपरेटर फ्रॉड की आशंका में रिजेक्ट भी कर सकते हैं.
GPay, PhonePe या Paytm से किए गए रिचार्ज पर इनकी सपोर्ट टीम सीधे मदद नहीं कर सकती, ऐसे में टेलिकॉम ऑपरेटर से ही संपर्क करना पड़ता है.
यह भी ध्यान रखें कि कंप्लेंट दर्ज कराने का मतलब रिफंड की गारंटी नहीं है, यह सिर्फ इंटरनल जांच शुरू करता है.
इंटरनल जांच शुरू होने के बाद आपको रिफंड मिलेगा या नहीं, ये दो बातों पर निर्भर करता है – 1. क्या रिचार्ज पैक इस्तेमाल हो चुका है? 2. गलत नंबर का स्टेट्स क्या है?
अगर आपके द्वारा किए गए गलत रिचार्ज का इस्तेमाल उस अनजान इंसान ने कर लिया है तो ऑपरेटर आमतौर पर पैसा वापस नहीं करता. हालांकि, अगर रिचार्ज पैक यूज़ नहीं किया गया है तो रिफंड मिलने की संभावना ज्यादा होती है. वहीं अगर गलत नंबर इनवैलिड या इनएक्टिव है, तो कंप्लेंट सफल होने के चांस काफी ज्यादा रहते हैं.
गलत रिचार्ज से कैसे बचें
गलत रिचार्ज से बचने का सबसे आसान तरीका है कि आपको रिचार्ज करते वक्त नंबर्स को हाथ से टाइप नहीं करना चाहिए. आपको नंबर्स को बिल्कुल साफ लेबल और कॉन्टैक्ट नेम्स के साथ पहले ही फोन में सेव कर लेना चाहिए. जैसे – “मम्मी – Jio” या “भाई – Airtel” और GPay, PhonePe, Paytm जैसे ऐप में हमेशा ‘Select from Contacts’ ऑप्शन यूज़ करें.
MyJio, Airtel Thanks या Vi ऐप में अपना और परिवार का नंबर फेवरेट में सेव करके एक टैप में रिचार्ज किया जा सकता है. हर महीने एक ही नंबर रिचार्ज करते हैं तो नया ट्रांजैक्शन शुरू करने की बजाय ट्रांजैक्शन हिस्ट्री में जाकर पिछले सक्सेसफुल रिचार्ज पर ‘Repeat’ या ‘Recharge Again’ पर टैप करें.
अगर मैन्युअली नंबर टाइप करना ही पड़े तो अंकों को दाएं से बाएं पढ़ें, इससे दिमाग हर डिजिट को अलग-अलग चेक करता है, और पेमेंट करने से पहले स्क्रीन पर दिख रहे ऑपरेटर लोगो को भी जरूर चेक करें.