उत्तराखंड का खूबसूरत झरना ‘बिर्थी फॉल’, कुदरती नजारे को देख नहीं हटा पाएंगे अपनी नजरें
1 min readप्राकृतिक सौंदर्य से लबरेज है देवभूमि उत्तराखंड की वादियां, पिथौरागढ़ में मौजूद बिर्थी फॉल का दीदार करने पर मिलेगा सुकून, प्रदीप माहरा की रिपोर्ट![]()
पिथौरागढ़: उत्तराखंड अपनी खूबसूरत प्राकृतिक सौंदर्य और वादियों के लिए प्रसिद्ध है. यहां के कुदरती नजारे मोहित कर देते हैं. ऐसा ही नजारा मुनस्यारी मार्ग पर देखने को मिलता है. जो किसी पहचान की मोहताज नहीं है. वो जगह है, बिर्थी गांव. जहां करीब 125 मीटर ऊंचाई से खूबसूरत झरना गिरता है. जिसे ‘बिर्थी फॉल’ के नाम से जाना जाता है. जो हर सैलानियों के मन को मोह लेता है. यहां मन को अद्भुत शांति के साथ ही ताजगी का एहसास होता है.
बता दें कि पिथौरागढ़ जिले की सीमाएं चीन और नेपाल से मिलती हैं. अपनी नैसर्गिक खूबसूरती के लिए यह जिला पर्यटकों के बीच काफी पसंद किया जाता है. पिथौरागढ़ में तमाम प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर और अद्भुत जगह हैं, जिन्हें देखने के लिए देश-विदेश से लोग पहुंचते हैं. ऐसी ही अद्भुत जगहों में से एक है बिर्थी फॉल, जो उत्तराखंड में सबसे खूबसूरत वॉटरफॉल है.
बिर्थी वाटरफॉल पर जिसकी भी नजर पड़ती है, वो इसके करीब जाकर फोटो खिंचाने से खुद को रोक नहीं पाता है. बिर्थी फॉल पिथौरागढ़ का फेमस टूरिस्ट डेस्टिनेशन है, जो पिथौरागढ़ मुख्यालय से 90 किलोमीटर दूर मुनस्यारी जाने वाले रास्ते में पड़ता है. मुनस्यारी जाने वाले पर्यटक इस झरने का दीदार करने यहां जरूर रुकते हैं. यही वजह भी रही कि आज इस वाटरफॉल को पूरे देश में पसंद किया जाने लगा है.
बिर्थी फॉल पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र है. गर्मियों में काफी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंचते हैं. बिर्थी फॉल के आसपास स्थानीय लोगों की ओर से छोटे-छोटे भोजनालय और चाय की दुकानें भी संचालित की जाती हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है.