Categories

September 9, 2026

केदारनाथ यात्रा में फर्जी VIP बेनकाब, ‘बिहार सरकार’ लिखी स्कॉर्पियो पर चला पुलिस का डंडा, वाहन सीज

1 min read

केदारनाथ यात्रा के दौरान एक फर्जी वीआईपी वाहन को पुलिस ने पकड़कर सख्त एक्शन लिया है. साथ ही लोगों को साफ संदेश भी दिया है.

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा में वीआईपी बनने का सपना लेकर पहुंचे एक वाहन चालक की हकीकत उस समय सबके सामने आ गई, जब रुद्रप्रयाग पुलिस की पैनी नजर उसके फर्जी रुतबे पर पड़ गई. वाहन पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘बिहार सरकार’ लिखकर और अवैध हूटर लगाकर यात्रा मार्ग पर धौंस जमाने की कोशिश कर रहे लोगों का खेल पुलिस ने चंद मिनटों में खत्म कर दिया.

चारधाम यात्रा के दौरान नियम तोड़ने वालों, फर्जी पहचान का इस्तेमाल करने वालों और अवैध वीआईपी संस्कृति पर लगाम लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बीते दिन सोनप्रयाग क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. इसी दौरान पुलिस ने सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR 01 FT 2735) को रोका, जिस पर ‘बिहार सरकार’ की नेम प्लेट लगी हुई थी और वाहन में अवैध हूटर भी लगा था. जांच के दौरान जब पुलिस ने वाहन में मौजूद लोगों से पूछताछ की तो पूरा मामला संदिग्ध नजर आया.

वाहन में ऐसा कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसका संबंध उक्त नेम प्लेट से साबित हो सके. न तो हूटर लगाने का कोई वैध अधिकार था और न ही सरकारी पहचान का कोई प्रमाण. पुलिस जांच में सामने आया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान विशेष सुविधाएं हासिल करने, चेकिंग से बचने और आम लोगों पर रौब झाड़ने के लिए फर्जी तरीके से सरकारी पहचान का इस्तेमाल किया जा रहा था. इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई करते हुए वाहन से अवैध हूटर और नेम प्लेट उतरवाई, उन्हें जब्त किया और स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत मौके पर ही सीज कर दिया.

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने साफ शब्दों में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में कानून से बड़ा कोई नहीं है. चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली दिखने की कोशिश करे, फर्जी वीआईपी संस्कृति, अवैध हूटर और सरकारी पहचान के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हुई यह कार्रवाई अब चर्चा का विषय बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि यात्रा के दौरान नियमों को ताक पर रखकर विशेषाधिकार हासिल करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा.

More Stories

You may have missed