Categories

August 18, 2026

उत्तराखंड में अब एक ही पोर्टल से हो सकेगी सभी परियोजनाओं की निगरानी, IT विभाग कर रहा है तैयारी

प्रदेश सरकार अब राज्य की सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की एक ही पोर्टल के माध्यम से निगरानी करेगी। इससे यह देखा जा सकेगा कि विभागों में चल रही विभिन्न परियोजनाएं किस स्थिति में हैं। इसमें योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी अपडेट की जाएगी। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने दिसंबर अंत तक सभी विभागों में चल रही परियोजनाओं को इस पोर्टल से जोडऩे का लक्ष्य रखा है। प्रदेश में इस समय केंद्र के सहयोग व राज्य की अपनी कई परियोजनाएं चल रही हैं। अभी तक परियोजनाओं की जानकारी विभागवार देखी जाती है। शुरुआत में प्रदेश सरकार ने गति शक्ति पोर्टल के माध्यम से महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर निगरानी रखनी शुरू की। इसके लिए राज्य की अहम परियोजनाओं को चिह्नित करते हुए उन्हें इस पोर्टल से जोड़ा गया। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति के संबंध में लगातार जानकारी साझा की जाए। उद्देश्य यह कि शासन कहीं से भी इन परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति के विषय में जानकारी प्राप्त कर सके। इसकी सफलता को देखते हुए अब दूसरे चरण में सभी विभागों को इसमें शामिल करने का निर्णय लिया गया है।

इस क्रम में विभागों में चल रही प्रत्येक योजना की जानकारी इस पोर्टल में साझा करनी पड़ेगी। मसलन, विभाग में कितनी योजनाएं चल रही हैं, कितनों में कार्य शुरू किया गया है, कौन सी योजनाएं लंबित पड़ी हुई हैं, कौन सी ऐसी योजनाएं है, जिन पर कार्य करना संभव नहीं हो पा रहा है। इससे विभागों में चल रहे कार्यों का विस्तृत डेटा शासन को मिल सकेगा। साथ ही जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में कहीं समस्या आ रही है तो फिर उसे शासन व सरकार की मदद से आगे बढ़ाया जाएगा। इस संबंध में कुछ समय पूर्व सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने मुख्य सचिव राधा रतूड़ी के समक्ष एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया था। इसमें बताया गया कि विभाग ने इस वर्ष अंत यानी, दिसंबर तक विभागों में चल रही सभी योजनाओं को इस पोर्टल से जोडऩे का लक्ष्य रखा है, जिस पर लगातार कार्य चल रहा है।

 

More Stories

You may have missed