रामनगर में फिर रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, इलाके में भारी आक्रोश
1 min read
रामनगर में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई.
रामनगर: रामनगर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मालधन चौकी क्षेत्र के तुमड़िया डैम प्रथम में एक दर्दनाक हादसे में करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला.
तुमड़िया डैम प्रथम निवासी प्रेम सिंह 60 वर्ष, पुत्र हरनाम सिंह, गुरुवार दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच अपने घर के पास स्थित एक डॉक्टर की दुकान से दवा लेकर साइकिल से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रेम सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गए और कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही पकड़ लिया, लेकिन चालक घटनास्थल से फरार हो गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में घेराबंदी कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक को पकड़कर गिरफ्तार कर लिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया. इस संबंध में पीरूमदारा चौकी प्रभारी वीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
बताया जा रहा है कि प्रेम सिंह के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था,उनकी पत्नी का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका था. अब घर में प्रेम सिंह और उनका एक दिव्यांग पुत्र ही रहते थे, जबकि उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी थी. ऐसे में प्रेम सिंह की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने हादसे पर नाराजगी जताते हुए दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
