Categories

November 24, 2026

देवभूमि के इस मंदिर में निसंतान दंपतियों की मुराद होती है पूरी, रात भर हाथ में दिया लेकर की अराधना, जानें मान्यता

1 min read

कमलेश्वर महादेव मंदिर में निसंतान दंपतियों की मुराद पूरी होती है. यहां हर साल बड़ी तादाद में निसंतान दंपति पहुंचते हैं.

श्रीनगर: वैकुंठ चतुर्दशी पर्व पर संतान प्राप्ति के लिए सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर में 145 दंपति खड़ा दीए अनुष्ठान में शामिल हुए. सोमवार को गोधूलि बेला से अनुष्ठान शुरू हुआ. अनुष्ठान के लिए 208 से अधिक दंपतियों ने पंजीकरण करवाया था. गत वर्ष 190 से अधिक दंपति अनुष्ठान में शामिल हुए. रविवार शाम गोधुलि वेला साढ़े पांच बजे कमलेश्वर मंदिर के महंत आशुतोष पुरी ने दीपक जलाकर खड़ा दीया अनुष्ठान का शुभारंभ किया. महिलाओं के कमर में एक कपड़े में जुड़वा नींबू, श्रीफल, पंचमेवा एवं चावल की पोटली बांधी गई. तत्पश्चात महंत ने सभी दंपतियों के हाथ में दीपक रखते हुए पूजा अर्चना की.

दंपति रातभर हाथ में जलते दीपक लेकर भगवान शिव की पूजा करेंगे. मंगलवार सुबह स्नान के बाद महंत दंपतियों को आशीर्वाद देकर पूजा संपन्न किया. ऐसा विश्वास है कि खड़ा दीया अनुष्ठान करने से संतान प्राप्ति होती है. अनुष्ठान में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, पूना, आंध्र एंव विदेश से यहां दंपति पहुंचे हैं. वहीं, देर शाम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई. मंदिर में कमलेश्वर महादेव के दर्शन करने वाले और बाती चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की लगभग डेढ़ सौ मीटर लंबी कतार लग गई. इसके साथ ही बैकुंठ चतुर्दशी के पर्व पर कमलेश्वर मंदिर में रुई की 365 बाती चढ़ाने का मेला शुरू हो गया.

हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी (बैकुंठ चतुर्दशी) के मौके पर कमलेश्वर मंदिर सहित अन्य शिवालयों में लोग भगवान शिव को रुई की बाती अर्पित करते हैं. पौराणिक ग्रंथों के अनुसार, देवता दानवों से पराजित हो गए. तब वह भगवान विष्णु की शरण में गए. दानवों पर विजय प्राप्त करने के लिए भगवान विष्णु यहां भगवान शिव की तपस्या करने आए. पूजा के दौरान वह शिव सहस्रनाम के अनुसार शिवजी के नाम का उच्चारण कर सहस्र (एक हजार) कमलों को एक-एक करके शिवलिंग पर चढ़ाने लगे.विष्णु की परीक्षा लेने के लिए शिव ने एक कमल पुष्प छिपा लिया.

एक कमल पुष्प कम होने से यज्ञ में कोई बाधा न पड़े, इसके लिए भगवान विष्णु ने अपना एक नेत्र निकालकर अर्पित करने का संकल्प लिया. इससे प्रसन्न होकर भगवान शिव ने भगवान विष्णु को अमोघ सुदर्शन चक्र दिया. जिससे उन्होंने राक्षसों का विनाश किया.सहस्र कमल चढ़ाने की वजह से इस मंदिर को कमलेश्वर महादेव मंदिर कहा जाने लगा. इस पूजा को एक निसंतान ऋषि दंपति देख रहे थे. मां पर्वती के अनुरोध पर शिव ने उन्हे संतान प्राप्ति का वर दिया. तब से यहां कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी (बैकुंठ चतुर्दशी) की रात संतान की मनोकामना लेकर लोग पहुंचते हैं.

श्रीराम को यहां मिला था ब्रह्महत्या से छुटकारा: कमलेश्वर मंदिर में त्रेतायुग में रावण का वध के बाद भगवान श्रीराम को ब्रह्महत्या का दोष लग गया था, क्योंकि रावण एक विद्वान ब्राह्मण था. धार्मिक मान्यताओं के इनुसार ब्रह्महत्या के दोष के निवारण के लिए श्रीराम अपने गुरु महर्षि विश्वामित्र के पास पहुंचे. श्रीराम को गुरु विश्वामित्र ने चारधाम की यात्रा करने और कमलेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन करने का सुझाव दिया, जिसके श्रीराम गुरु आज्ञा से उत्तराखंड आए. पौराणिक कथाओं के मुताबिक श्रीराम ने देवप्रयाग में अलकनंदा और भागीरथी के पवित्र संगम तट पर लंबे समय तक कठोर साधना की. इसके पश्चात वे कमलेश्वर महादेव मंदिर गए, जहां उन्होंने पूरे एक महीने तक प्रतिदिन एक हजार कमल के पुष्प अर्पित कर स्वयंभू शिवलिंग की आराधना की.

मंदिर तक कैसे पहुंचे: श्रद्धालु दिल्ली कश्मीरी गेट या आनंद विहार से बस ले सकते हैं. यहां से उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) या निजी बसें आसानी से मिल जाती हैं. श्रद्धालु निजी वाहन या टैक्सी से भी सफर कर सकते हैं. दिल्ली से श्रीनगर की दूरी लगभग 350 से 370 किलोमीटर है, जिसे तय करने में लगभग 8 से 10 घंटे का समय लगता है. मंदिर श्रीनगर शहर के मुख्य बाजार से पैदल दूरी पर ही स्थित है. रेल यात्रियों के लिए नजदीक स्टेशन ऋषिकेश और हरिद्वार रेलवे स्टेशन हैं. श्रद्धालु देहरादून तक भी ट्रेन से आ सकते हैं, यहां से भी बसें व निजी वाहन मिल जाते हैं. वहीं निकटतम हवाई अड्डा देहरादून स्थित जॉली ग्रांट एयरपोर्ट है.

More Stories

You may have missed