Categories

November 18, 2026

उत्तराखंड में आधे घंटे के अंदर दो बार आया भूकंप, चमोली में 4.1 और 2.8 तीव्रता के भूचाल से हिली धरती

1 min read

उत्तराखंड के चमोली जिले में आज बुधवार सुबह दो बार भूकंप का झटके आए, जानमाल का नुकसान नहीं

चमोली: हिमालयी राज्य उत्तराखंड की धरती आज दो बार भूकंप से हिली है. इस बार चमोली जिले में भूकंप के झटके महसूस हुए हैं. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार चमोली में 4.1 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया है.

चमोली में आया भूकंप: राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (National Center for Seismology) के अनुसार चमोली में आज सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर भूकंप आया. इसकी गहराई 10 किलोमीटर बताई गई है. एनसीएस के अनुसार भूकंप का केंद्र जोशीमठ से 19 किलोमीटर दक्षिण में था. इसकी तीव्रता 4.1 मैग्नीट्यूड थी.

आधे घंटे के अंदर दो बार हिली चमोली की धरती: इसके ठीक आधे घंटे बाद 10 बजकर 52 मिनट पर चमोली में फिर से भूकंप आ गया. इस बार इसकी तीव्रता 2.8 मैग्नीट्यूड बताई गई है. चमोली जिले में जो दूसरा भूकंप आया है, उसका केंद्र जोशीमठ से 24 किलोमीटर दूर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम था.

अफगानिस्तान में भी भूकंप: चमोली में भूकंप के बाद पड़ोसी देश अफगानिस्तान की धरती भी अर्थक्वेक से कांपी है. अफगानिस्तान में काबुल से 312 किलोमीटर दूर भूकंप आया. ये भूकंप के झटके 10 बजकर 55 मिनट पर महसूस हुए.

तिब्बत में भी आज दो बार आ चुका भूकंप: अफगानिस्तान के तुरंत बाद तिब्बत की धरती भू भूकंप से डोल गई. यहां 11 बजकर 2 मिनट पर 3.6 मैग्नीट्यूड का भूकंप आ गया. तिब्बत में सुबह 4.50 बजे भी 2.8 तीव्रता का भूकंप आया था.

मणिपुर में भी भूकंप: आज सुबह ही भारत के नॉर्थ ईस्ट स्टेट मणिपुर के इंफाल में भी भूकंप आया. सुबह 7.43 बजे आए भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड थी.

13 नवंबर को पिथौरागढ़ में आया था भूकंप: इससे पहले 13 नवंबर को भी उत्तराखंड में भूकंप आया था. तब पिथौरागढ़ की धरती भूचाल से हिली थी. पिथौरागढ़ में 4.2 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया था.

More Stories

You may have missed