Categories

September 30, 2026

उत्तराखंड छात्र संघ चुनाव रिजल्ट, कौन जीता, कौन हारा, एक क्लिक में जानिए प्रदेश भर का अपडेट

1 min read

देहरादून: उत्तराखंड के कई कॉलेजों में आज 29 सितंबर को छात्र संघ चुनाव हुए हैं. कई कॉलेजों के परिमाण भी जारी हो गए है. जानिए किस पार्टी के प्रत्याशी को जीत मिली और किसी पार्टी के प्रत्याशी को हार का मुंह देखने पड़ा.

सोबन सिंह जीना विवि के अल्मोड़ा एसएसजे परिसर छात्रसंघ पर एबीवीपी का कब्जा

अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के एसएसजे परिसर में छात्रसंघ चुनाव के तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, सांस्कृतिक सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के छह पदों के लिए मतदान हुआ. मंगलवार देर रात्रि छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए. अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जीत दर्ज की है. एबीवीपी के प्रत्याशी रोहित सिंह कुमाल्टा को 1148 वोट मिले. एनएसयूआई के अमित बिष्ट को 845 वोट मिले. रोहित सिंह कुमाल्टा ने 303 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.

वहीं छात्र उपाध्यक्ष पद पर मुकाबला बेहद करीबी रहा. भास्कर जोशी ने महज एक वोट के अंतर से सुमित जोशी को हराया. लेकिन फिर सुमित जोशी की ओर से री काउंटिंग की मांग के साथ हंगामा किया गया. जिसके बाद री काउंटिंग में दोनों के मतों की संख्या बराबर रही. जिसके बाद पर्ची सिस्टम किया गया और देर रात्रि में हुए पर्ची सिस्टम के बाद उसमें सुमित जोशी विजयी हुए. वहीं छात्रा उपाध्यक्ष पद पर रश्मि पांडे ने जीत दर्ज की और उन्हें 1172 वोट मिले. सचिव पद पर भास्कर गिरि गोस्वामी और कोषाध्यक्ष पद पर सीता चम्याल विजयी रही हैं. कोषाध्यक्ष पद पर निकिता मेहरा ने जीत दर्ज की है. चुनाव परिणाम सामने आने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल है.

8:08 AM, 30 Sep 2026 (IST)

पिथौरागढ़ के एलएसएम परिसर छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई के लवराज वर्मा बने अध्यक्ष

पिथौरागढ़ के लक्ष्मण सिंह महर (एलएसएम) परिसर छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई के लवराज वर्मा ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी प्रत्याशी बिरजू चौधरी को 161 मतों के अंतर से पराजित किया. ​मतगणना के अनुसार, लवराज वर्मा को कुल 1,165 मत प्राप्त हुए, जबकि बिरजू चौधरी को 1,004 मतों से संतोष करना पड़ा. परिसर की छात्र राजनीति के लिहाज से अध्यक्ष पद के इस परिणाम को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. चुनाव परिणाम सामने आते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और परिसर में जश्न शुरू हो गया.

​उपाध्यक्ष: कार्तिक पाटनी ने 1,194 मत हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी शुभम उप्रेती को 777 मत मिले।

​छात्रा उपाध्यक्ष: नैना बिष्ट 1,009 मत पाकर विजयी रहीं। उन्होंने कविता पंत (613 मत) और मनीषा मेहता (433 मत) को मात दी।

​सचिव: प्रवीन बिष्ट पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं।

​संयुक्त सचिव: गुंजन सामंत ने 1,317 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी तमन्ना को 539 मत मिले।

​कोषाध्यक्ष: कड़े और दिलचस्प मुकाबले में नेहा कठायत 880 मत पाकर विजयी रहीं। उन्होंने कल्पना डसीला (805 मत) और संध्या (298 मत) को हराया।

10:32 PM, 29 Sep 2026 (IST)

छात्र संघ चुनाव के बाद नई टिहरी पीजी कॉलेज में दो गुटों में झड़प, एबीवीपी ने लगाया मारपीट का आरोप

टिहरी पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव संपन्न होने के बाद दो गुटों के बीच झड़प हो गई. एबीवीपी के छात्रों ने आरोप लगाया कि सत्यमेव जयते संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की. घटना में राजू नाम के एक लड़के के सिर में चोट आई है. घायल राजू को उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया. घटना से नाराज एबीवीपी के छात्रों ने थाने और अस्पताल परिसर में नारेबाजी की. इसके बाद छात्र थाने के बाहर एकत्रित हुए और कथित मारपीट करने वालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी.

10:00 PM, 29 Sep 2026 (IST)

रुद्रपुर और बाजपुर महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव संपन्न, गौरव और उत्कर्ष बने अध्यक्ष

उधम सिंह नगर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर कॉलेज परिसरों में दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा. रुद्रपुर के सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में निर्दलीय प्रत्याशी गौरव कुशवाहा ने अध्यक्ष पद पर 391 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. वहीं, बाजपुर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर उत्कर्ष सिंह विजयी रहे. दोनों महाविद्यालयों में मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई गई और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया.

8:45 PM, 29 Sep 2026 (IST)

रामनगर के पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नीरज कंडारी बने अध्यक्ष

रामनगर के पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय नीरज कंडारी ने बेहद करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की.

8:27 PM, 29 Sep 2026 (IST)

गंगोलीहाट महाविद्यालय

शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गंगोलीहाट में अध्यक्ष पद पर हिमांशु जरमाल (हिमांशु सिंह) ने एकतरफा मुकाबले में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से टिकट न मिलने से नाराज हिमांशु ने बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में ताल ठोकी थी और 324 मत हासिल कर शानदार विजय प्राप्त की. वहीं, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी और एबीवीपी के आधिकारिक प्रत्याशी सौरभ रावल को महज 129 मतों से ही संतोष करना पड़ा.

8:25 PM, 29 Sep 2026 (IST)

देहरादून डीएवी कॉलेज में मतगणना के दौरान बवाल भी हुआ था. हालांकि मामले को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया गया था.

8:25 PM, 29 Sep 2026 (IST)

श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि के चंद्रवदनी नैखरी में एबीवीपी के प्रत्याशियों ने सभी पदों पर जीत हासिल की. जबकि उपाध्यक्ष पद पर कोई नामांकन नहीं हुआ था.

8:24 PM, 29 Sep 2026 (IST)

राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग

राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी का दबदबा बना रहा. यहां एकमात्र अध्यक्ष पद पर हुए चुनाव में एबीवीपी के के आर्यन दीप ने निर्दलीय अजय सिंह को 71 मतों से पराजित किया. अन्य सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हुए.

8:24 PM, 29 Sep 2026 (IST)

फूल सिंह बिष्ट राजकीय महाविद्यालय लंबगांव:

फूल सिंह बिष्ट राजकीय महाविद्यालय लंबगांव में छात्र संघ चुनाव में सभी पदों पर एनएसयूआई के प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत हासिल की है.

शहीद श्रीमती हंसा धनाई राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा धारमंडल टिहरी गढ़वाल में छात्र संघ चुनाव 2026-27 में सभी पदों पर निर्दलीय प्रत्याशी चयनित हुए हैं. अध्यक्ष पद पर अजीत कुमार और मानवेंद्र शाह के बीच मुकाबला हुआ. कुल 65 मतों में अजीत कुमार को 33 मत, जबकि मानवेंद्र शाह को 31 मत मिले व 1 मत निरस्त हुआ. अजीत कुमार ने दो मतों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया.

8:24 PM, 29 Sep 2026 (IST)

घनसाली बालगंगा महाविद्यालय

बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल केमर में एनएसयूआई ने अध्यक्ष सहित सभी पदों पर जीत दर्ज की है. अध्यक्ष पद पर प्रियांशी तिवारी ने 62 मतों से जीत दर्ज की. जबकि अन्य पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे.

8:18 PM, 29 Sep 2026 (IST)

मंत्री सुबोध उनियाल के गढ़ में NSUI की बड़ी जीत

धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर के छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई के प्रत्याशियों ने सभी पदों पर जीत दर्ज की. अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के आयुष रावत ने एबीवीपी के हिमांशु जोशी को 69 मतों से हराकर जीत हासिल की. अध्यक्ष पद पर आयुष रावत को 141 और हिमांशु जोशी को 72 मत प्राप्त हुए.

  • उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की हिमांशी भंडारी को 179 मत और एबीवीपी प्रत्याशी प्रेरणा राज को 34 मत प्राप्त हुए. हिमांशी भंडारी ने प्रेरणा राज को 145 मतों से हराकर विजय प्राप्त की.
  • सचिव पद पर एनएसयूआई प्रत्याशी आशा को 115 मत और एबीवीपी प्रत्याशी कविता रमोला को 97 मत प्राप्त हुए. आशा ने कविता रमोला को 18 वोटो से हराकर जीत प्राप्त की.
  • सह सचिव पद पर एनएसयूआई प्रत्याशी अनामिका कैन्तुरा को 145 मत व एबीवीपी प्रत्याशी करीना को 67 मत प्राप्त हुए. अनामिका ने करीना को 78 मतों से हराकर विजय प्राप्त की.
  • कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन एनएसयुआई प्रत्याशी अमृता रावत, विवि प्रतिनिधि एबीवीपी प्रत्याशी आयुष बिज्लवाण को 94 मत व एनएसयूआई प्रत्याशी प्रियांशु कैन्तुरा को 120 मत प्राप्त हुए प्रियांशु ने आयुष को 26 मतो से हराकर विजय प्राप्त की.

8:13 PM, 29 Sep 2026 (IST)

राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़

राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के आशीष नेगी एक मत से विजय घोषित हुए. उन्हें 165 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी दीपांशु रावत को 164 मत प्राप्त हुए.

  • उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की दीपिका विजय रही. उन्हें 173 मत पड़े उनके प्रतिद्वंदी शानू पंवार को 144 मत पड़े.
  • सचिव पद पर एनएसयूआई की सानिया धीमान विजय रही. उन्हें 161 मत पड़े. उनके प्रतिद्वंदी मुस्कान को 151 मत पड़ें. सह सचिव पद पर एनएसयूआई की काजल विजय रही. उन्हें 162 मत मिले जबकि उनकी प्रतिद्वंदी मंजू को 151 मत पड़े.
  • कोषाध्यक्ष पद एबीपीपी की रंगीता व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर एबीपीपी की प्रतिष्ठा चमोली पहले ही सिंगल नामांकन के चलते निर्विरोध निर्वाचित हो गये थे.

8:04 PM, 29 Sep 2026 (IST)

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय के दिशा निर्देशन में छात्र संघ चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित छात्र संघ पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह में अध्यक्ष पद पर मनीष रौतेला, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर विमला, सचिव पद पर मानशी, संयुक्त सचिव पद पर दीप्ति कार्की, कोषाध्यक्ष पद पर गीता मेहरा को प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय ने अपने पद और दायित्वों का सत्य निष्ठा पूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई.

8:01 PM, 29 Sep 2026 (IST)

पीजी कॉलेज लोहाघाट

पीजी कॉलेज लोहाघाट में अध्यक्ष सहित 10 पदों पर एबीवीपी ने जीत हासिल की. अध्यक्ष सहित 6 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के साथ कुल चार पदों पर मतदान हुआ, जबकि छात्र उपाध्यक्ष का नामांकन रद्द होने के बाद कुल 10 पद रहे.

  • अध्यक्ष पद पर हिमांशु कुमार
  • छात्रा उपाध्यक्ष आरती चौधरी
  • सचिव अमित चिल्कोटी
  • संयुक्त सचिव हिमांशी बोहरा
  • सांस्कृतिक सचिव पद पर निखिल राय
  • वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर शुभम जोशी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए.

प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से कोषाध्यक्ष पद पर स्नेहा ने 721 मत प्राप्त किए और प्रतिद्वंदी सुमन भट्ट ने केवल 146 मत प्राप्त कर 575 मतों से पराजय का सामना करना पड़ा. इसी तरह विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मुकेश कुमार ने 699 मत प्राप्त किए और शीतल विश्वकर्मा ने 165 मत. कला संकाय प्रतिनिधि पद पर आरती अधिकारी ने 547 मत प्राप्त कर अभिषेक सिंह धोनी 346 मतों से पराजित किया और विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर स्नेहा मेहरा ने 91 मत प्राप्त कर गौरव पंत को 67 मतों से पराजित किया. प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी ने पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

7:53 PM, 29 Sep 2026 (IST)

जोशीमठ महाविद्यालय में ABVP का दबदबा:

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था. अनीषा को 36 मत, नवल किशोर को 118 मत और विशाल भारती को 83 मत मिले, जबकि 5 मत अवैध रहे. 35 मतों के अंतर से बीएएससी प्रथम सेमेस्टर के छात्र ABVP प्रत्याशी नवल किशोर बगाशी अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं.

  • उपाध्यक्ष पद पर आयना ने जीत दर्ज की. अनुष्का को 50, शिखा डिमरी को 67 और आयना को 114 मत मिले. NOTA को 6 मत मिले और 5 मत अवैध रहे. 47 मतों के अंतर से आयना उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुईं.
  • सचिव पद पर अनिकेत ने जीत हासिल की. अनिकेत को 106, भूमिका को 88 और सुमन को 39 मत मिले.
  • सह-सचिव पद पर सिमरन विजयी रहीं. जबकि मीनाक्षी को 64, रितिका को 37 और सिमरन को 130 मत मिले. 8 मत अवैध रहे और 66 मतों के बड़े अंतर से बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा सिमरन सह-सचिव पद पर निर्वाचित हुईं.
  • कोषाध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर देखने को मिली. खुशी को 110 और दिया को 115 मत मिले. NOTA को 8 मत मिले और 9 मत अवैध रहे। 5 मतों के अंतर से बीए प्रथम सेमेस्टर की दिया निर्वाचित हुईं.
  • विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर सुमित सिंह (एनएसयूआई) ने जीत दर्ज की. जबकि ज्योति को 81, रिया को 40, रिशिता डिमरी को 29 और सुमित सिंह को 84 मत मिले. NOTA पर 2 मत पड़े और 6 मत अवैध रहे. 3 मतों के अंतर से बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र सुमित सिंह विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर निर्वाचित हुए.

7:46 PM, 29 Sep 2026 (IST)

देहरादून डीएवी छात्रसंघ चुनाव

देहरादून डीएवी छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी ने बाजी मारी है. एबीवीपी के नवदीप राणा अध्यक्ष पद पर काबिज हुये हैं.

7:40 PM, 29 Sep 2026 (IST)

चंपावत महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव:

सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय के चंपावत कैंपस में हुए छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों का दबदबा देखने को मिला. अध्यक्ष पद पर निर्दलीय भानु तड़ागी ने एबीवीपी प्रत्याशी सागर मौनी को 536 मतों के बड़े अंतर से हराया.

कैंपस निदेशक डॉ. सुभाष चंद्रा के मुताबिक अध्यक्ष पद के लिए कुल 984 वोट पड़े. इनमें भानु तड़ागी को 754 मत मिले, जबकि सागर मौनी के खाते में 218 वोट आए. इस तरह भानु तड़ागी ने स्पष्ट अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की. अन्य प्रमुख पदों पर भी निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की. सचिव और संयुक्त सचिव पद पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था.

7:32 PM, 29 Sep 2026 (IST)

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर:

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर किशन सिंह (एनएसयूआई) ने जीत दर्ज की. उन्हें 1114 मत मिले, जबकि कपिल नेगी को 459 मत प्राप्त हुए. उपाध्यक्ष पद पर आदित्य नेगी (एनएसयूआई) 978 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए. उनके प्रतिद्वंद्वी सौरव सिंह पंवार को 512 मत मिले.

  • सचिव पद पर सोहन लाल (एनएसयूआई) निर्वाचित हुए. उन्हें 936 मत मिले, जबकि पवन कुमार को 615 मत प्राप्त हुए.
  • सह-सचिव पद पर तनिषा (एनएसयूआई) ने 814 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि दिव्या को 663 मत मिले.
  • कोषाध्यक्ष पद पर अपेक्षा (एनएसयूआई) निर्वाचित हुईं. उन्हें 835 मत मिले. अंचल मुनियाल को 283 व प्रियंका को 396 मत प्राप्त हुए.
  • विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर ललित सिंह (एनएसयूआई) निर्वाचित हुए. उन्हें 1175 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रत्याशी प्रशांत पाटिल को 355 मत प्राप्त हुए.

7:24 PM, 29 Sep 2026 (IST)

नैनीताल के डीएसबी

नैनीताल के डीएसबी परिसर छात्र संघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रताप चौहान ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर बड़ा उलटफेर किया है. भानु प्रताप को 1355 वोट मिले, जबकि एबीवीपी प्रत्याशी शुभम कुमार 873 वोट ही हासिल कर सके. इस तरह भानु प्रताप चौहान ने 482 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.

  • वहीं संयुक्त सचिव पद पर अनुष पूरी ने 1614 वोट हासिल कर जीत दर्ज की.
  • कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि रावत को 1165 वोट मिले और उन्होंने जीत अपने नाम की.
  • छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी
  • छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी
  • सचिव पद पर कमल कार्की
  • सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी
  • विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तनमय भंडारी निर्विरोध चुने गए.
  • कला संकाय से अनिल कुमार
  • वाणिज्य संकाय से संध्या कापड़ी
  • विधि संकाय से दिव्यांशी कौशल
  • प्रबंधन अध्ययन संकाय से सानिध्य उप्रेती ने जीत दर्ज की.

7:18 PM, 29 Sep 2026 (IST)

राजकीय महाविद्यालय लक्सर

राजकीय महाविद्यालय लक्सर में अध्यक्ष पद पर ABVP प्रत्याशी सौरभ कुमार ने 84 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त की. दूसरे स्थान पर अंकुश कुमार रहे, जिन्होंने 65 मत प्राप्त किए, जबकि वंदना को 12 मत. उपाध्यक्ष पद पर साक्षी को निर्विरोध चुन लिया गया, वहीं कोषाध्यक्ष पद पर खुशी भी निर्विरोध विजयी घोषित की गईं.

सचिव से लेकर UR तक ABVP का कब्जा: सचिव पद पर ABVP के त्रिशू ने 87 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंदी अवनीत चौहान को 7 मत मिले. सह-सचिव पद पर संजना ने 79 मत प्राप्त किए और मुस्कान को 68 मत मिले. इस प्रकार संजना विजयी रहीं. विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UR) पद पर ABVP की नंदिनी ने 79 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि आकाश को 64 मत प्राप्त हुए.

7:16 PM, 29 Sep 2026 (IST)

देहरादून डीबीएस में NSUI फिर जीती

देहरादून डीबीएस में NSUI फिर जीती: देहरादून के डीबीएस कॉलेज में एक बार फिर से अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई ने अपना परचम लहराया है. यहां एनएसयूआई के अभिनव कफ़लिया ने अध्यक्ष पद पर अपनी जीत दर्ज कराई है. अभिनव कफ़लिया ने 643 वोटों से अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रहे एबीवीपी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक नेगी को 549 मत प्राप्त हुए हैं.

इसी के साथ डीबीएस पीजी कॉलेज में उपाध्यक्ष पद पर सौरभ ने 337 मत प्राप्त करके विजय हासिल की है.

डीबीएस कॉलेज में सेक्रेटरी पद पर देवाशीष ने 605 वोटो से जीत दर्ज कराई है.

कांग्रेसी नेताओं ने भी डीबीएस पीजी कॉलेज पहुंचकर नवयुक्त अध्यक्ष को माला माला सम्मानित किया। इधर एनएसयूआई कार्यकर्ता आतिशबाजी छोड़कर जीत का जश्न बना रहे हैं.

7:12 PM, 29 Sep 2026 (IST)

कर्णप्रयाग में NSUI की जीत

कर्णप्रयाग में NSUI की जीत: डॉ शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में कुल 1502 छात्र-छात्राओं में से 1201 ने वोट दिया. अध्यक्ष पद पर NSUI के सुनील रावत ने 76 वोटों से जीत हासिल की. वहीं उपाध्यक्ष पद पर भी NSUI के अंकित कुमार 65 वोटों से जीते. सचिव पर भी NSUI की सलोनी 60 वोटों से जीती. ABVP के खाते में सिर्फ सहसचिव की सीट गई है, जहां ABVP की निधि 43 वोटों से जीती. इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर भी NSUI की हिमानी 37 मतों से जीती. वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर NSUI के विशाल जीते.

7:09 PM, 29 Sep 2026 (IST)

डोईवाला पीजी कॉलेज छात्र में USF की ऐतिहासिक जीत

डोईवाला पीजी कॉलेज छात्र में USF की ऐतिहासिक जीत: शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में मंगलवार को छात्र संघ चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुए. चुनाव में कुल 1359 मतों में से 951 मत पड़े.

अध्यक्ष पद पर मोहित ममगाईं जीते: यहां छात्र संघ चुनाव में सबसे बड़ी और चौंकाने वाली जीत अध्यक्ष पद पर रही. पहली बार चुनाव मैदान में उतरे यूएसएफ (USF) के प्रत्याशी मोहित ममगाईं ने एनएसयूआई के प्रत्याशी को 48 मतों से हराकर जीत दर्ज की. इस सीट पर कई वर्षों से कब्जा करने वाली एबीवीपी तीसरे नंबर पर खिसक गई.

इस जीत के साथ ही यूएसएफ ने बीजेपी के गढ़ माने जाने वाले डोईवाला कॉलेज में अपना परचम लहरा दिया है. मोहित ममगाईं की जीत को छात्र राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.

उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी जीती: अन्य पदों पर एबीवीपी ने अपना दबदबा बरकरार रखा. उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के रोहन पाल ने जीत दर्ज की. इसके अलावा सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष सहित अन्य सभी पदों पर एबीवीपी के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की. इस चुनाव में सबसे बुरी हार एनएसयूआई का रहा. एनएसयूआई किसी भी पद पर अपनी जीत दर्ज नहीं करा पाई और उसका सूपड़ा साफ हो गया.

7:06 PM, 29 Sep 2026 (IST)

मसूरी एमपीजी कॉलेज का चुनाव परिणाम

मसूरी एमपीजी कॉलेज का चुनाव परिणाम: एमपीजी कॉलेज मसूरी छात्रसंघ चुनाव में मंगलवार को मतगणना के बाद एबीवीपी ने अध्यक्ष, महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की. एमपीजी कॉलेज मसूरी में कुल 74.9 प्रतिशत मतदान हुई था.

वेदांत थापली बने अध्यक्ष: मतगणना के बाद एमपीजी कॉलेज मसूरी में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के वेदांत थापली ने सर्वाधिक 185 मत प्राप्त किए. वहीं एनएसयूआई के विकास सिंह को 48 और मसूरी छात्र संगठन के मनन शाही को 36 मत मिले.

महासचिव पर पर आशुतोष जोशी की जीत: महासचिव पद पर भी एबीवीपी के आशुतोष जोशी ने 160 मत हासिल कर जीत दर्ज की. अंकित रौछैला को 70 और प्रियंशु कंडारी को 42 मत मिले. वहीं, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी की करिश्मा डुमोगा को 212 मत मिले, जबकि संध्या को 54 मत प्राप्त हुए. इस तरह अध्यक्ष, महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के तीनों पद एबीवीपी के खाते में गए.

इन पदों पर निर्विरोध चुने गए प्रतिनिधि: चुनाव प्रक्रिया के दौरान उपाध्यक्ष पद पर गौरव सिंह गुसाईं, सहसचिव पद पर ईशा और कोषाध्यक्ष पद पर सलोनी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे. इन पदों पर एनएसयूआई समर्थित प्रत्याशियों का निर्वाचन हुआ.

More Stories

You may have missed