Categories

July 30, 2026

श्यामपुर रेंज में हाथी का तांडव, ग्रामीण को पटक-पटककर मारा, खौफजदा लोग

1 min read

श्यामपुर रेंज में जंगली हाथी का आतंक छाया हुआ है, यहां हाथी ने एक व्यक्ति को पटक-पटक कर मार डाला.

हरिद्वार: वन विभाग हरिद्वार के श्यामपुर रेंज के कांसवाली बीट क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई. हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को बुलाया गया और शव को कब्जे में लिया. मृतक की पहचान गुर्जर समुदाय के एहसान पुत्र यूसुफ के रूप में हुई है, जो पास के ही गुर्जर बस्ती का रहने वाला है.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे एहसान घास लेने के लिए आरक्षित वन क्षेत्र में गया था. इसी दौरान वहां मौजूद एक जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हाथी ने वन गुर्जर को कई बार पटका जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. इसके साथ स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई. सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

विभाग ने घटनास्थल के फोटो, जीपीएस लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान समेत अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. लोगों से अपील है कि हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और बिना आवश्यकता आरक्षित वन क्षेत्र में प्रवेश न करें.
-स्वप्निल अनिरुद्ध,डीएफओ-

घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध भी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास जांच की. जांच में हाथी की मौजूदगी के साक्ष्य मिले हैं. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. साथ ही उस स्थान पर लोगों के जाने पर रोक लगाई गई है. जांच में सामने आया है कि अहसान अकेला ही जंगल में गया था और उस दौरान उसका हाथी से आमना सामना हो गया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. उधर मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल है.

More Stories

You may have missed