June 17, 2026

देहरादून के सबसे पुराने पलटन बाजार में लगी भीषण आग, साड़ी और लहंगा शोरूम हुआ खाक

1 min read

पलटन बाजार के गांधी संस शोरूम में लगी थी आग, दमकल की 6 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे में आग बुझाई

देहरादून: राजधानी देहरादून में भीषण अग्निकांड हो गया. पलटन बाजार में साड़ी और लहंगा शोरूम में भीषण आग लग गई. आग से शोरूम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया. मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत की.

पलटन बाजार में साड़ी के शोरूम में आग लगी: पलटन बाजार के गांधी संस शोरूम में अचानक आग लग गई. आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद लोगों ने पहले अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की. इसी दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई.

आग बुझाने के लिए लगाई गई फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां: पहले फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची. जब देखा कि आग भयानक है तो फिर पांच और गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया. इस तरह दमकल की 6 गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पलटन बाजार के साड़ी और लहंगा शोरूम में लगी आग पर काबू पाया.

आग लगने से अफरा तफरी मची: कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत पलटन बाजार में स्थित साड़ी और लहंगा शोरूम के तीसरे तल में भीषण आग लग गई. आग लगने से बाजार में अफरा तफरी का माहौल हो गया. बाजार के एक व्यक्ति द्वारा फायर बिग्रेड को सूचना दी गई. फायर बिग्रेड की 06 गाड़ियों ने आग पर करीब एक घंटे में काफी मशक्कत के बाद काबू पाया.

आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट: पुलिस आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट मान रही है. हालांकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. साथ ही आग लगने से कितना नुकसान हुआ उसका भी शोरूम मालिक द्वारा आकलन किया जायेगा. गनीमत ये रही कि आग लगने से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है.

साड़ी शोरूम की तीसरी मंजिल में लगी आग: आज सुबह पलटन बाजार में स्थित साड़ी और लहंगा के गांधी एंड संस के तीसरे तल के शोरूम में आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि आग के धुंए का गुब्बार आसामान में फैल गया. आग के बाद आनन फानन में स्थानीय दुकानदार ने फायर बिग्रेड को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद फायर बिग्रेड की टीम ओर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची.

शोरूम मालिक ने ये बताया: शोरूम मालिक का कहना है कि दुकान के बाहर बिजली के प्लग के ऊपर कुछ चिंगारी उठी थी. जिसकी वजह से तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और शोरूम में आग लग गई. इसके बाद पड़ोस की दुकान में काम कर रहे एक लड़के ने फायर ब्रिगेड की टीम को फोन किया लेकिन आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची जिससे उनका नुकसान बड़ा हो गया.

सीएफओ का बयान: सीएफओ अभिनव त्यागी का कहना है कि-

आग लगने के बाद 5 से 7 मिनट में ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी. दमकल की 6 गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है. यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है और जो भी नुकसान हुआ है उसके बारे में दुकान मालिक आकलन कर रहा है. -अभिनव त्यागी, सीएफओ-

अग्निशामक यंत्र लगाने की अपील: सीएफओ ने बाजार में सभी दुकान मालिक और व्यापारियों से अपील की है कि अपनी दुकानों में अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) का इंतजाम जरूर रखें.

पलटन बाजार देहरादून का सबसे बड़ा और पुराना बाजार है: देहरादून का पलटन बाजार, यहां के सबसे पुराने, बड़े और सबसे व्यस्त बाजारों में से एक है. यहे बजट-फ्रेंडली शॉपिंग, स्थानीय हस्तशिल्प और स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड के लिए फेमस है. इसके साथ ही यहां फैशनेबल और नई डिजाइन के कपड़े भी मिलते हैं, जिनके लिए अच्छी खासी भीड़ लगती है. गनीमत रही कि शोरूम में आग व्यस्त समय में नहीं लगी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.

You may have missed