Categories

September 28, 2026

राज्य कर्मचारियों ने मांगा 21 अक्टूबर का अवकाश, CM धामी को पत्र लिख लगाई गुहार

उत्तराखंड राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मुख्यमंत्री से 21 अक्टूबर को अवकाश देने की मांग की है। उनकी मांग है कि हिंदू धर्म के सबसे महत्वपूर्ण पर्व दीपावली के अवसर पर 21 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। इस वर्ष स्थानीय पंचांग के अनुसार दीपावली 21 अक्टूबर को मनाई जा रही है, जबकि शासन की अधिसूचना में 20 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है। परिषद के प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में दीपावली का अवकाश 20 अक्टूबर 2025 दर्शाया गया है। जबकि पंचांग और धार्मिक परंपराओं के अनुसार दीपावली का मुख्य पर्व 21 अक्टूबर को पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दीपावली न केवल हिंदू धर्म का सबसे बड़ा पर्व है, बल्कि यह सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी पूरे राज्य में व्यापक रूप से मनाया जाता है। अतः कर्मचारियों सहित आम जन की भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार को सही तिथि 21 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में परिषद के जिला नैनीताल अध्यक्ष असलम अली ने भी प्रांतीय नेतृत्व को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री से अवकाश संशोधन की मांग करने का अनुरोध किया है। परिषद ने कहा है कि दीपावली पर अवकाश को लेकर किसी प्रकार का भ्रम न रहे, इसके लिए शासन स्तर पर शीघ्र संशोधित आदेश जारी किए जाने आवश्यक हैं।
शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि दीपावली पूरे उत्तराखंड में आस्था, सद्भाव और प्रकाश का पर्व है। यह आवश्यक है कि राज्य सरकार सही तिथि पर अवकाश घोषित कर सभी कर्मचारियों और नागरिकों को इसे पूर्ण उत्साह से मनाने का अवसर दे।

 

 

More Stories

You may have missed