उत्तराखंड: केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं शुरू, हेली पैडों पर लौटी रौनक
1 min readकेदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. आज से धाम के लिए हेली सेवा शुरू हो गई है.
रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): केदारनाथ धाम की यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार यानि आज से हेली सेवाएं फिर शुरू हो गईं. सुबह मौसम साफ होते ही केदारघाटी के विभिन्न हेली पैड से केदारनाथ धाम के लिए हेली उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया गया. लंबे अंतराल के बाद हेली सेवाओं के दोबारा शुरू होने से केदारघाटी के हेली पैडों पर फिर से रौनक लौट आई है. हेली सेवा का लाभ लेने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ने लगी है. इसके साथ ही दूसरे चरण की केदारनाथ यात्रा में तेजी आने की उम्मीद है.
उड़ान संचालन की अनुमति: बरसात के मौसम में प्रतिकूल मौसम और सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए हेली सेवाओं का संचालन बंद था. यात्रा के दूसरे चरण के लिए 15 सितंबर से हेली सेवा पुनः शुरू की गई है. उड़ानों का संचालन शुरू होने से पहले नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से संबंधित हेली कंपनियों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया. निर्धारित मानकों की जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही कंपनियों को उड़ान संचालन की अनुमति दी गई.
तीन सेक्टरों से आठ कंपनियां भर रहीं उड़ान: केदारनाथ धाम के लिए केदारघाटी के तीन प्रमुख सेक्टरों से कुल आठ हेली कंपनियां सेवाएं दे रही हैं. गुप्तकाशी सेक्टर से ट्रांस भारत और चिप्सन हेली, फाटा सेक्टर से थम्बी हेली, राजश हेली एविएशन, यूनाइटेड हेली और पिलग्रिम हेली एविएशन तथा शेरसी सेक्टर से हिमालय हेली और एरो एविएशन द्वारा श्रद्धालुओं को हेली सेवा उपलब्ध कराई जा रही है.
हेली सेवा संचालन पर प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है. यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा. मौसम की स्थिति और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ही हेली उड़ानों का संचालन किया जाएगा.
-राहुल चौबे, जिला पर्यटन अधिकारी-
16 दिन के सभी टिकट बुक: दूसरे चरण में हेली सेवा के लिए यूकाडा की ओर से 15 सितंबर से 30 सितंबर तक कुल 16 दिनों के ऑनलाइन टिकट जारी किए गए हैं. खास बात यह है कि इस अवधि के सभी ऑनलाइन टिकट बुक हो चुके हैं. इससे केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है. श्रद्धालुओं की सुविधा और ठगी से बचाव को लेकर यूकाडा ने अपील की है कि हेली सेवा के टिकट केवल अधिकृत आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से ही बुक किए जाएं. किसी अनधिकृत एजेंट या वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक न करने की सलाह दी गई है.
बरसात के बाद यात्रा के दूसरे चरण के लिए सभी हेली कंपनियां केदारघाटी में पहुंच चुकी हैं. डीजीसीए की ओर से सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया. निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही उड़ान संचालन की अनुमति मिली है. आज से सभी संबंधित हेली कंपनियों ने केदारनाथ धाम के लिए उड़ानें शुरू कर दी हैं.
-रेक सिंह, बेस इंचार्ज, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड-
हेली सेवा शुरू होने से बुजुर्ग, दिव्यांग और पैदल यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी. वहीं, कम समय में केदारनाथ धाम पहुंचने के इच्छुक यात्रियों के लिए भी हेली सेवा महत्वपूर्ण विकल्प है. हेली उड़ानों के संचालन से यात्रा व्यवस्थाओं में भी तेजी आने की संभावना है.