रुड़की में भाकियू नेता के बेटे की दुकान पर मारपीट-फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात
1 min readभारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के नेता मोहम्मद तालिब के बेटे की नवीन मंडी मार्केट में बिजली के सामना की दुकान है, वहीं वारदात हुई![]()
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ दबंगों ने भारतीय किसान यूनियन (तोमर) से जुड़े एक किसान नेता के बेटे के साथ मारपीट करने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.
रुड़की में दो पक्षों के बीच मारपीट: जानकारी के मुताबिक, रुड़की में गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी स्थित नवीन मंडी मार्केट में 4 मई सोमवार की देर शाम दबंगों द्वारा फायरिंग की घटना सामने आई है. दरअसल नवीन मंडी मार्केट में (भाकियू) भारतीय किसान यूनियन तोमर के नेता मोहम्मद तालिब के बेटे की बिजली की दुकान है. बताया जा रहा है कि दुकान पर किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसका मामूली विवाद हो गया. वाद विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि इस दौरान आरोपियों द्वारा दुकान के अंदर तोड़फोड़ भी गई.
भाकियू नेता के बेटे की दुकान में फायरिंग: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट के बाद आरोपियों द्वारा हवाई फायरिंग भी की गई. पूरा घटनाक्रम पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग के बाद बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए. बाद में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. बताया गया है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
पुलिस आरोपियों को ढूंढ रही है: एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि-
दो पक्षों के बीच झगड़े का मामला सामने आया है. फायरिंग की सूचना भी मिली है. पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
-शेखर चंद्र सुयाल, एसपी, हरिद्वार देहात-
रुड़की में एक दिन पहले भी फायरिंग हुई थी: बताते चलें कि रुड़की शहर में लगातार दूसरे दिन फायरिंग की घटना सामने आई है. इससे पहले सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के सोत मोहल्ले में भी गोलीबारी का मामला सामने आया था. हालांकि पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. वहीं लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहरवासियों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है.