Categories

November 28, 2026

उत्तराखंड में तीसरे दलों के 14.79 फीसदी वोट शेयर पर टिका 2027 का सियासी गणित, क्या बनेगा गठबंधन?

1 min read

2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच वोट शेयर का अंतर महज 6.42 प्रतिशत था, रिपोर्ट- नवीन उनियाल

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में गठबंधन की संभावनाएं कम ही रही हैं. पिछला इतिहास बताता है कि राजनीतिक दल ऐसा करने का प्रयास भी नहीं करते. लेकिन उत्तराखंड में लगातार राष्ट्रीय दलों का दबदबा तमाम छोटे दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए गठबंधन को जरूरी बता रहा है. उधर पिछले लगातार 10 साल से विपक्ष में बैठने को मजबूर कांग्रेस के लिए भी गठबंधन एक विकल्प दिखने लगा है. उत्तराखंड में पिछले चुनावों के आंकड़े कैसे इस थ्योरी को मजबूत बना रहे हैं पेश है ईटीवी भारत की स्पेशल रिपोर्ट…

उत्तराखंड में थर्ड फ्रंट के वोटों के गणित पर उलझी सियासत: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच सत्ता की लड़ाई के साथ तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं. पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़े इस संभावना को लेकर एक मजबूत राजनीतिक आधार देते हैं. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच वोट शेयर का अंतर महज 6.42 प्रतिशत था. इसके विपरीत निर्दलीय प्रत्याशियों, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और उत्तराखंड क्रांति दल को मिलाकर 14.79 प्रतिशत वोट मिले थे. इन्हें मिलाकर कुल 7,95,782 मतदाताओं ने मतदान किया था. यानी राष्ट्रीय दलों के बीच वोट शेयर के अंतर से दोगुने से भी अधिक वोट छोटे दलों और निर्दलीयों के खाते में गए. ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे की संभावनाओं और छोटे दलों के बीच गठबंधन की कोशिशों पर राजनीतिक नजरें टिक गई हैं.

2022 विधानसभा चुनाव का वोट शेयर: निर्वाचन आयोग के साल 2022 के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भाजपा को 23,83,838 वोट मिले थे. पार्टी का वोट शेयर 44.33 प्रतिशत रहा. कांग्रेस को 20,38,509 वोट मिले और उसका वोट शेयर 37.91 प्रतिशत रहा. दोनों दलों के बीच मतों का अंतर 3,45,329 था. दूसरी तरफ निर्दलीय प्रत्याशियों को 5.58 प्रतिशत यानी 3,00,059 वोट, बसपा को 4.82% यानी 2,59,371 वोट, आम आदमी पार्टी को 1,78,134 वोट करीब 3.31% और उत्तराखंड क्रांति दल को 58,218 वोट यानी 1.08% मत मिले थे. इन चारों का वोट शेयर 14.79 प्रतिशत रहा.

कई सीटों पर बहुत कम रहता है हार-जीत का अंतर: राजनीतिक दृष्टि से यह आंकड़ा इसलिए खास है, क्योंकि उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर कई बार जीत और हार का फैसला बेहद कम अंतर से होता है. ऐसे में छोटे दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच यदि चुनावी तालमेल बनता है, तो उसका असर विधानसभा क्षेत्रों के समीकरणों पर पड़ सकता है. हालांकि इन सभी दलों के मतदाताओं को एक ही राजनीतिक खेमे का समर्थक मानना भी सही नहीं होगा. इनके अपने अलग-अलग सामाजिक, क्षेत्रीय और राजनीतिक आधार हैं.

2017 से 2022 के बीच बदला वोट शेयर का गणित: तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को समझने के लिए पिछले दो विधानसभा चुनावों के आंकड़ों की तुलना भी जरूरी है. साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 46.51 प्रतिशत और कांग्रेस को 33.49 प्रतिशत वोट मिले थे. दोनों दलों के बीच वोट शेयर का अंतर 13.02 प्रतिशत था. वहीं 2022 में भाजपा का वोट शेयर घटकर 44.33 प्रतिशत रह गया, जबकि कांग्रेस का बढ़कर 37.91 प्रतिशत हो गया. इस तरह दोनों राष्ट्रीय दलों के बीच अंतर घटकर 6.42 प्रतिशत रह गया.

दूसरी तरफ 2017 में निर्दलीय प्रत्याशियों को करीब 10 प्रतिशत और बसपा को 6.98 प्रतिशत वोट मिले थे. 2022 में निर्दलीयों का वोट शेयर घटकर 5.58 प्रतिशत और बसपा का 4.82 प्रतिशत रह गया. यूकेडी का वोट शेयर हालांकि 2017 के करीब 0.74 प्रतिशत से बढ़कर 2022 में 1.08 प्रतिशत हुआ.

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि पिछले दो विधानसभा चुनावों में छोटे दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों का प्रदर्शन एक जैसा नहीं रहा. इसके बावजूद 2022 में इन चारों का वोट शेयर 14.79 प्रतिशत रहा, जो आगामी चुनाव में गठबंधन की संभावनाओं को लेकर चर्चा का आधार बनता है.

बीजेपी और कांग्रेस की बीच घूमती है उत्तराखंड की सियासी धुरी: वोट शेयर और सीटों के परिणामों के बीच अंतर भी उत्तराखंड की चुनावी राजनीति का महत्वपूर्ण पहलू है. साल 2017 में भाजपा ने 46.51 प्रतिशत वोट हासिल कर 57 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस 33.49 प्रतिशत वोट के साथ 11 सीटों पर सिमट गई थी. 2022 में भाजपा का वोट शेयर घटने और कांग्रेस का बढ़ने के बावजूद भाजपा ने 47 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई. कांग्रेस को 19 सीटें मिलीं. वहीं बसपा ने दो और निर्दलीय प्रत्याशियों ने दो सीटों पर जीत दर्ज की.

यूकेडी की छोटे दलों और निर्दलीयों को एक मंच पर लाने की कोशिश: तीसरे मोर्चे की संभावनाओं के बीच उत्तराखंड क्रांति दल ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. पार्टी कुछ विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतार चुकी है और इन सीटों से अलग अन्य क्षेत्रों में गठबंधन की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है. यूकेडी की कोशिश है कि मजबूत निर्दलीय प्रत्याशियों और छोटे क्षेत्रीय दलों को एक मंच पर लाकर चुनाव लड़ा जाए.

गठबंधन की राह आसान नहीं: हालांकि पार्टी नेताओं को भी गठबंधन की राह आसान नहीं दिखाई दे रही है. अलग-अलग दलों के अपने राजनीतिक हित और विधानसभा क्षेत्रों में अपने-अपने दावेदार हैं. इसके बावजूद यूकेडी की ओर से संभावित मजबूत प्रत्याशियों और छोटे दलों को एक साथ आने की अपील की जा रही है.

उत्तराखंड क्रांति दल के नेता शांति प्रसाद भट्ट कहते हैं कि-

यूकेडी हमेशा राज्य के स्थानीय मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है. पार्टी आज भी मानती है कि छोटे दलों को एक मंच पर आकर जनता के बीच जाना चाहिए. जनता को भी स्थानीय पार्टी को मौका देकर इस बार सत्ता तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए.
-शांति प्रसाद भट्ट, यूकेडी नेता-

भाजपा को गठबंधन की जरूरत नहीं: तीसरे मोर्चे की संभावनाओं के बीच सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी फिलहाल किसी अन्य दल के साथ गठबंधन की जरूरत महसूस नहीं कर रही है. पार्टी का मानना है कि राज्य में उसका अपना मजबूत जनाधार है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा अपने दम पर सरकार बनाएगी.

भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र भसीन का कहना है कि-

केंद्र और राज्य सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए संकल्पबद्ध होकर काम कर रही हैं. जनता ने लगातार दस साल से भाजपा पर विश्वास जताया है. भाजपा ऐसी पहली पार्टी है, जिसने उत्तराखंड में लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाई है. ऐसे में पार्टी को किसी दूसरे दल के साथ गठबंधन करने की जरूरत नहीं है और वो एक बार फिर अपने दम पर चुनाव जीतने जा रही है.
-देवेंद्र भसीन, वरिष्ठ नेता भाजपा-

कांग्रेस की रणनीति, भाजपा विरोधी दल उसके साथ आएं: इस मामले में कांग्रेस का रुख भी भाजपा से अलग दिखाई नहीं देता. पार्टी फिलहाल किसी अन्य दल के साथ गठबंधन करने की स्थिति में नहीं दिख रही है. कांग्रेस की कोशिश है कि भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले सभी दल उसका समर्थन करें, जिससे भाजपा विरोधी मतों का विभाजन रोका जा सके.

कांग्रेस का मानना है कि राज्य में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर उसके साथ आना चाहिए. हालांकि कांग्रेस की इस रणनीति और यूकेडी की तीसरे मोर्चे की कोशिश के बीच राजनीतिक मतभेद की संभावना भी बनी हुई है.

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट का कहना है कि-

भाजपा को सत्ता से हटाना प्राथमिकता होनी चाहिए. इसके लिए सभी दलों को कांग्रेस का साथ देना चाहिए, ताकि भाजपा विरोधी मतों का बिखराव रोका जा सके.
-शीशपाल बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस-

तीसरे मोर्चे के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीटों का बंटवारा: 2027 के चुनाव में तीसरे मोर्चे की संभावनाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीटों का बंटवारा और साझा राजनीतिक एजेंडा तैयार करना होगा. बसपा का अपना सामाजिक आधार है. यूकेडी राज्य आंदोलन और क्षेत्रीय मुद्दों की राजनीति करती रही है. आम आदमी पार्टी ने भी पिछले चुनाव में 3.31 प्रतिशत वोट हासिल किए थे. निर्दलीय प्रत्याशियों का प्रभाव अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय समीकरणों पर निर्भर करता है. ऐसे में इन सभी को एक मंच पर लाना आसान नहीं होगा. यदि छोटे दलों के बीच सीटों पर सहमति नहीं बनती, तो एक ही विधानसभा क्षेत्र में कई प्रत्याशी मैदान में उतरेंगे.

क्षेत्रीय दलों के ये होते हैं राजनीतिक मुद्दे: बेरोजगारी, पलायन, भू-कानून, मूल निवास, पहाड़ और मैदान के विकास में असमानता, स्थानीय संसाधनों पर अधिकार और सरकारी सेवाओं से जुड़े मुद्दे ऐसे विषय हैं, जिन पर क्षेत्रीय दल अपनी राजनीति करते रहे हैं. ऐसे में सीटों का बंटवारा ही नहीं, चुनावी मैदान में जनता के सामने एजेंडा तय कर पाना भी राजनीतिक दलों के लिए एक साथ एक मंच पर आकर तय करना मुश्किल होगा.

गठबंधन की कोशिश कभी सफल नहीं हुई: ऐसा नहीं है कि पहले गठबंधन की कोशिश ना हुई हो. छोटे दल पहले एक मंच पर आने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन तब यह प्रयास सफल नहीं हो पाए थे. हालांकि अभी हालात बेहद मुश्किल हैं और छोटे दलों का गठबंधन तमाम पेचीदगियों के चलते होना आसान नहीं है.

More Stories

You may have missed