Categories

November 16, 2026

उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम के आज बंद होंगे कपाट, जानें पुजारी को क्यों धारण करना पड़ता है स्त्री वेश

1 min read

बदरी-विशाल के कपाट बंद होने की वैदिक प्रक्रिया जारी है. आज रात्रि 9 बजकर 37 मिनट धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे.

चमोली: उत्तराखंड में बदरीनाथ धाम के कपाट आज सोमवार रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए जाएंगे. बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की उत्तराखंड हिमालय की पवित्र चारधाम यात्रा का भी औपचारिक रूप से समापन हो जाएगा. वहीं बदरी विशाल के कपाट बंद होने की प्रक्रिया के दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी (रावल) को स्त्री वेश धारण करने की परंपरा भी निभाई जाएगी.

गौर हो कि बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर धाम में सुबह से धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का दौर जारी है. इस मौके पर मंदिर परिसर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है. इस पल के साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के धाम में मौजूद हैं. वहीं मंदिर परिसर सेना के बैंड की मधुर धुनों और ‘जय बदरी विशाल’ के जयकारों से गूंज रहा है.

बताते चलें कि कपाट बंद होने की इस पावन तिथि की घोषणा बीते 20 अक्टूबर को विजयादशमी के शुभ अवसर पर की गई थी. मंदिर परिसर में आयोजित एक भव्य धार्मिक समारोह में हक-हकूकधारी तीर्थ पुरोहितों की मौजूदगी में मुख्य पुजारी रावल और धर्माधिकारी ने भगवान बदरी-विशाल के विशेष भोग व पंचांग गणना के बाद आज का यह शुभ मुहूर्त निकाला था.

कपाट बंद करने की प्रक्रिया के तहत पिछले पांच दिनों से धाम में चल रही पारंपरिक पंच पूजाओं का भी आज समापन हो रहा है. आज मुख्य पुजारी रावल स्त्री भेष धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरी विशाल के गर्भगृह में विराजमान करेंगे. इसके बाद भगवान को घृत कंबल ओढ़ाया जाएगा और अखंड ज्योति प्रज्वलित कर रात 9:37 बजे मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे.

वहीं मंगलवार को उद्धव जी, कुबेर जी और आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी अपने शीतकालीन प्रवास स्थल पांडुकेश्वर और जोशीमठ के लिए प्रस्थान करेगी. अगले छह महीनों तक श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल की शीतकालीन पूजा पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर और जोशीमठ के नृसिंह मंदिर में करेंगे.

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, उद्धव जी श्रीकृष्ण के प्रिय मित्र होने के साथ ही आयु में उनसे बड़े भी हैं. इस नाते वे माता लक्ष्मी के जेठ लगते हैं. पारंपरिक मर्यादा का पालन करते हुए बहू अपने जेठ के सामने नहीं आती है, यही वजह है कि उद्धव जी के गर्भगृह से बाहर प्रस्थान करने के बाद ही माता लक्ष्मी को मंदिर के भीतर स्थान दिया जाता है. इसके साथ ही, किसी पराये पुरुष का स्पर्श माता लक्ष्मी की मूर्ति को ना हो, इस भाव के साथ मुख्य पुजारी एक सखी (महिला) का वेश धारण कर माता के विग्रह को गर्भगृह में ले जाते हैं. अतीत से चली आ रही इस अनूठी रस्म को आज भी निभाया जाता है.

More Stories

You may have missed