Categories

November 12, 2026

लालकुआं में पुलिस और नगर पंचायत आमने-सामने, अध्यक्ष ने किया पूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान, पढ़ें पूरी खबर

1 min read

लालकुआं में पुलिस और नगर पंचायत के बीच बढ़ते विवाद का असर जनता पर पड़ सकता है.

हल्द्वानी: लालकुआं में पुलिस और नगर पंचायत के बीच बढ़ते विवाद ने अब शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ओवरलोड वाहनों के मुद्दे से शुरू हुआ विवाद अब नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली प्रभारी के बीच टकराव तक पहुंच गया है. नगर पंचायत अध्यक्ष ने प्रभारी निरीक्षक के स्थानांतरण की मांग पूरी होने तक नगर पंचायत में कामकाज ठप रखने का ऐलान किया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि दो विभागों की इस लड़ाई में आम जनता की जिम्मेदारी कौन उठाएगा.

लालकुआं में पुलिस और नगर पंचायत के बीच पैदा हुआ विवाद अब केवल दो अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसका असर सीधे शहर की व्यवस्थाओं पर पड़ने की आशंका है. एक तरफ नगर पंचायत अध्यक्ष पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रभारी निरीक्षक के स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है.

दरअसल, बुधवार सुबह ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के आवागमन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली प्रभारी बृजमोहन सिंह राणा के बीच विवाद हुआ. नगर पंचायत अध्यक्ष का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची और बाद में उनके साथ अभद्रता की गई. वहीं, पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था को देखते हुए वाहनों को जाने दिया गया और नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन को सीज भी किया गया.

विवाद बढ़ने के बाद अध्यक्ष अपने समर्थकों और सभासदों के साथ कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए. पुलिस क्षेत्राधिकारी लव शर्मा ने मौके पर पहुंचकर शिकायत की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन अध्यक्ष अपनी मांग पर अड़े रहे. देर शाम आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रभारी निरीक्षक के स्थानांतरण और निष्पक्ष जांच होने तक नगर पंचायत में पूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया.

मुझे क्षेत्रीय जनता ने ओवर हाइट ट्रैक्टर के परिवहन के बारे में जानकारी दी और इन वाहनों से हादसे भी हो सकते हैं. सूचना पर वह तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई. सूचना देने के बाद कोतवाली पुलिस एक घंटा लेट पहुंची. जिसके बाद कोतवाल भी मौके पर पहुंचे और वाहन पर कार्रवाई के बजाए उनसे अभद्रता करने लगे. कोतवाल द्वारा उनके साथ धक्का मुक्की की गई है. अब नगर पंचायत के पार्षदों और कर्मचारियों ने मांग की है कि जब तक शहर कोतवाल को कोतवाली से नहीं हटाया जाता, तब तक नगर पंचायत का काम काज ठप रहेगा.
-सुरेंद्र लौटनी,नगर पंचायत अध्यक्ष-

अब इस फैसले के बाद सबसे बड़ी चुनौती नगर पंचायत की रोजमर्रा की व्यवस्थाओं को लेकर खड़ी हो गई है. सफाई कर्मचारियों का काम प्रभावित हुआ तो सड़कों और नालियों में गंदगी बढ़ सकती है. जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, निर्माण संबंधी कार्यों और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.

ओवर हाइट वाहनों की वजह से कोतवाली पुलिस और नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच कुछ विवाद हो गया था. नगर पंचायत अध्यक्ष से तहरीर प्राप्त हो गई है. तहरीर के आधार पर जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
-लव शर्मा,पुलिस क्षेत्राधिकारी-

लालकुआं में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली प्रभारी बृजमोहन सिंह राणा के बीच विवाद की शुरुआत ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के आवागमन को लेकर हुई. बुधवार सुबह पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण यातायात प्रभावित होने की शिकायत पर अध्यक्ष मौके पर पहुंचे. उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची. बाद में पहुंचे कोतवाल पर अध्यक्ष ने अभद्रता और धक्का देकर हटाने का आरोप लगाया. वहीं, कोतवाल का कहना था कि यातायात व्यवस्था को देखते हुए वाहन रवाना किए गए और नियम विरुद्ध एक वाहन सीज किया गया. इसी घटनाक्रम के बाद विवाद बढ़ गया.

More Stories

You may have missed