Categories

November 12, 2026

औली में फिर बनेगी कृत्रिम बर्फ, सालों से धूल फांक रही करोड़ों की मशीनों की पर्यटन विभाग ने ली सुध

1 min read

औली में साल 2018 में स्कीइंग आयोजन के लिए खरीदी गई करोड़ों रुपये की मशीनों की अब सुध ली जा रही है.

देहरादून: उत्तराखंड के प्रमुख विंटर डेस्टिनेशन औली में स्कीइंग को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारी एक बार फिर शुरू हो गई है. खास बात यह है कि वर्ष 2018 में औली में स्कीइंग प्रतियोगिता के आयोजन के उद्देश्य से खरीदी गई करोड़ों रुपये की मशीनें पिछले कई सालों से इस्तेमाल नहीं हो पा रही थीं. लंबे समय तक उपेक्षित रहने के बाद अब पर्यटन विभाग ने इन मशीनों की सुध ली है. विभाग इनकी मौजूदा स्थिति का आकलन करने के साथ ही इन्हें दोबारा उपयोग में लाने की संभावनाएं तलाश रहा है.

दरअसल, औली को देश के प्रमुख स्कीइंग केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार ने कई स्तर पर तैयारियां की थीं. इसी क्रम में कृत्रिम बर्फ तैयार करने के लिए स्नो मेकिंग मशीनें और अन्य उपकरण खरीदे गए थे इन मशीनों पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन नियमित उपयोग और रखरखाव के अभाव में ये लंबे समय तक डंप पड़ी रहीं. नतीजा यह हुआ कि जिस उद्देश्य से इनकी खरीद की गई थी, वह पूरा नहीं हो पाया.

अब इस पूरी कवायद में उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन भी सहयोग कर रहा है. इसके अलावा स्थानीय लोगों की मदद से मशीनों की तकनीकी स्थिति और संचालन से जुड़ी दिक्कतों को समझा जा रहा है, गढ़वाल मंडल विकास निगम भी इस काम में शामिल है. विभाग की कोशिश है कि दिसंबर में तापमान अनुकूल होते ही मशीन के माध्यम से कृत्रिम बर्फ तैयार करने का काम शुरू किया जाए. औली की करीब 1350 मीटर लंबी स्कीइंग स्लोप को कृत्रिम बर्फ से तैयार करने की योजना है.

इससे प्राकृतिक बर्फबारी कम होने की स्थिति में भी स्कीइंग गतिविधियां संचालित करने का विकल्प मिलेगा. औली में बर्फबारी की अनिश्चितता के कारण पूर्व में भी कई बार स्कीइंग प्रतियोगिताएं प्रभावित हुई हैं. साल 2018 में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता को भी पर्याप्त बर्फ नहीं होने के कारण आगे बढ़ाना पड़ा था. ऐसे में कृत्रिम बर्फ बनाने की व्यवस्था पर्यटन गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

इस पर पर्यटन विभाग के सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि मशीनों की मौजूदा स्थिति को देखा जा रहा है. जिसमें स्थानीय लोगों की मदद मिल रही है, और GMVN के साथ स्कीइंग एसोशिएशन भी मदद कर रहा हैं.
-धीराज गर्ब्याल, सचिव, पर्यटन विभाग-

पर्यटन विभाग की कोशिश है कि औली को केवल प्राकृतिक बर्फबारी पर निर्भर रखने के बजाय एक व्यवस्थित विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाए इसके तहत मशीनों को दुरुस्त करने के साथ ही आगामी स्कीइंग प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं. यदि मशीनें सफलतापूर्वक संचालित होती हैं तो इससे औली में शीतकालीन पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है.

More Stories

You may have missed