DAV कॉलेज में गाली देने वाले हरियाणवी सिंगर का अब UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में शो, बजरंग दल ने किया अलर्ट
1 min readमासूम शर्मा के कार्यक्रम को लेकर विवादों में घिरा सीएयू, बजरंग दल ने जिला प्रशासन को किया अलर्ट, आज सौंपेंगे पत्र
देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के कार्यक्रम को लेकर सवाल उठने लगे हैं. UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में मासूम शर्मा की प्रस्तुति प्रस्तावित है. लेकिन अप्रैल में DAV कॉलेज के कार्यक्रम के दौरान मंच से अभद्र भाषा के विवाद के बाद अब बजरंग दल ने प्रशासन से इस मामले का संज्ञान लेने की बात कही है.
यूपीएल में हरियाणवीं सिंगर मासूम शर्मा का शो रखने पर विवादों में सीएयू: देहरादून में एक बार फिर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का कार्यक्रम चर्चा में है. इस बार मौका है उत्तराखंड प्रीमियर लीग यानी UPL की क्लोजिंग सेरेमनी का. CAU यानी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी मासूम शर्मा की प्रस्तुति को लेकर जानकारी सामने आई है. वहीं CAU के पदाधिकारियों की ओर से भी उनके कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि की गई है. ऐसे में 1 अक्टूबर को होने वाली UPL की क्लोजिंग सेरेमनी से पहले ही इस कार्यक्रम को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं.
मासूम शर्मा ने डीएवी कॉलेज के कार्यक्रम में किया था अभद्र भाषा का प्रयोग: दरअसल, मासूम शर्मा के लिए देहरादून कोई पहली बार का मंच नहीं है. इसी साल अप्रैल में DAV पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान उनकी प्रस्तुति विवादों में आ गई थी. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से आपत्तिजनक और अभद्र भाषा (गाली) का इस्तेमाल किया था, वो भी तब जब इस कार्यक्रम में ख़ुद मुख्यमंत्री शामिल थे. इस घटना के वक़्त मुख्यमंत्री जा चुके थे, लेकिन एक विधायक उस समय मंच पर मौजूद थे.
अभद्र भाषा के प्रयोग पर सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ एफआईआर हुई थी: घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा था. इस मामले में डालनवाला कोतवाली में शिकायत हुई और पुलिस ने मासूम शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज की थी. पुलिस के मुताबिक मामले में BNS की धारा 296, 352, 79 और 351(3) लगाई गई थीं. उस समय इस मामले को लेकर देहरादून में काफी चर्चा हुई थी. शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया था कि कॉलेज जैसे सार्वजनिक और शैक्षणिक परिसर में सैकड़ों छात्र-छात्राओं के सामने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया.
एफआईआर और नोटिस मिलने पर गायक मासूम शर्मा ने खेद जताया था: मामले में पुलिस ने मासूम शर्मा को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए भी कहा था. विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने वीडियो जारी कर अपने व्यवहार पर खेद जताया था और बताया कि उनके किसी मामले में गुस्से का असर मंच पर दिखाई दिया था. वहीं इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए मासूम शर्मा को नोटिस जारी किया था. आयोग ने देहरादून के कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा था.
बजरंग दल जिला प्रशासन को मासूम शर्मा के कार्यक्रम को लेकर पत्र सौंपेगा: अब इसी पुराने विवाद के बीच जब मासूम शर्मा एक बार फिर देहरादून में बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने जा रहे हैं, तो बजरंग दल ने प्रशासन से इस मामले में सतर्कता बरतने की मांग करने का फैसला किया है. उत्तराखंड बजरंग दल के प्रांतीय मिलन प्रमुख, देहरादून भगवा विकास वर्मा का कहना है कि मासूम शर्मा के पिछले कार्यक्रम को देखते हुए संगठन सोमवार को जिला प्रशासन से मुलाकात करेगा और एक आपत्ति पत्र सौंपेगा. भगवा विकास वर्मा का कहना है कि-
बड़े कलाकारों को युवा बड़ी संख्या में फॉलो करते हैं. ऐसे में मंच से होने वाली किसी भी प्रस्तुति में भाषा और मर्यादा का ध्यान रखा जाना जरूरी है. उत्तराखंड की अपनी सांस्कृतिक पहचान है और देवभूमि की संस्कृति को किसी भी तरह की क्षति नहीं पहुंचनी चाहिए.
-भगवा विकास वर्मा, प्रांतीय मिलन प्रमुख, बजरंग दल-
जिला प्रशासन से की जाएगी ये अपील: संगठन की ओर से प्रशासन से अपील की जाएगी कि पिछले विवाद को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम का संज्ञान लिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की आपत्तिजनक या अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल न हो. बजरंग दल का कहना है कि उसका विरोध किसी कलाकार के कार्यक्रम से नहीं, बल्कि सार्वजनिक मंच पर फूहड़ता और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को लेकर है. संगठन का तर्क है कि जब किसी बड़े कलाकार को सुनने के लिए बड़ी संख्या में युवा मौजूद होते हैं, तो मंच से कही गई बातों का असर भी होता है. ऐसे में कलाकारों से सार्वजनिक कार्यक्रमों में मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है.
वहीं, इस पूरे मामले में अब निगाहें UPL की क्लोजिंग सेरेमनी और जिला प्रशासन के रुख पर भी रहेंगी. एक तरफ आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों की ओर से मासूम शर्मा की प्रस्तुति की पुष्टि की जा रही है, तो दूसरी तरफ पुराने विवाद का हवाला देते हुए बजरंग दल प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति रखने की तैयारी में है.
अप्रैल के विवाद ने सितंबर में फिर उठाया सिर: यानी अप्रैल में DAV कॉलेज के मंच से शुरू हुआ मासूम शर्मा का विवाद अब सितंबर में एक बार फिर देहरादून के मंच तक पहुंच गया है. फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार मंच कॉलेज का नहीं बल्कि UPL की क्लोजिंग सेरेमनी का है, जहां बड़ी संख्या में क्रिकेट और संगीत प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में कार्यक्रम के दौरान भाषा और प्रस्तुति की मर्यादा को लेकर प्रशासन और आयोजकों की भूमिका पर भी नजर रहेगी.
