Categories

August 5, 2026

बिटकॉइन घोटाले में हेमंत शर्मा की 8.54 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच, ₹200 करोड़ की ठगी की जांच में ईडी की कार्रवाई

1 min read

जांच में सामने आया कि हेमंत ईश्वर शर्मा ने अपने नियंत्रण वाली वेबसाइट BTCFUND.IS के माध्यम से लोगों को बिटकॉइन में निवेश का झांसा दिया

देहरादून: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के देहरादून उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने सोमवार को बहुचर्चित BTCFUND.IS बिटकॉइन निवेश घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है. देहरादून के राजपुर में आरोपी हेमंत ईश्वर शर्मा की लगभग 8.54 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क (प्रोविजनल अटैच) कर दिया है. इसमें बंगला और बीएमडब्ल्यू कर हैं.

हेमंत ईश्वर शर्मा की 8.54 करोड़ की संपत्त अटैच: यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत 31 जुलाई 2026 को शुरू की गई. ईडी के अनुसार, जांच की शुरुआत राजपुर थाना, देहरादून में दर्ज एफआईआर के आधार पर हुई थी. इसके अलावा उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर थाना में भी इसी फर्जी निवेश योजना से जुड़े मामले में हेमंत ईश्वर शर्मा और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.

बिटकॉइन निवेश के नाम पर देशभर के लोगों से ठगी: जांच में सामने आया कि हेमंत ईश्वर शर्मा ने अपने नियंत्रण वाली वेबसाइट BTCFUND.IS के माध्यम से लोगों को बिटकॉइन में निवेश करने का झांसा दिया. निवेशकों को ऊंचे रिटर्न का लालच दिया गया और यह झूठा दावा किया गया कि कंपनी से कई विदेशी नागरिक जुड़े हैं, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा. ईडी के मुताबिक, साल 2014 से 2018 के बीच करीब पांच सालों तक यह फर्जी निवेश योजना संचालित की गई. देशभर के निवेशकों से बड़ी मात्रा में बिटकॉइन एकत्र करने के बाद वेबसाइट अचानक बंद कर दी गई, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान हुआ.

200 करोड़ रुपये की अपराध आय का खुलासा: ब्लॉकचेन विश्लेषण में जांच एजेंसी ने लगभग 856.23 बिटकॉइन, जिसकी वर्तमान अनुमानित कीमत करीब 200 करोड़ रुपये है, को अपराध से अर्जित आय (Proceeds of Crime) के रूप में चिन्हित किया. जांच में पाया गया कि इन बिटकॉइन को अलग-अलग क्रिप्टो एक्सचेंजों के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग कर रियल एस्टेट, लग्जरी वाहन खरीदने और आवास के नवीनीकरण में इस्तेमाल किया गया.

आलीशान जीवनशैली पर खर्च की ठगी की रकम: ईडी के अनुसार, हेमंत शर्मा की कोई वैध आय का स्रोत नहीं मिला. इसके बावजूद उसने दो बीएमडब्ल्यू कारें, देहरादून के पॉश इलाके में एक बंगला और देहरादून व आसपास के क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की कई अचल संपत्तियां खरीदीं.

पहले भी हो चुकी है कुर्की, आरोपी जेल में: ईडी ने बताया कि इससे पहले भी हेमंत शर्मा की 4.56 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं. आरोपी शर्मा वर्तमान में सुद्धोवाला जेल, देहरादून में न्यायिक हिरासत में बंद है. ईडी ने इस मामले में 20 मई 2026 को विशेष पीएमएलए अदालत, देहरादून में अभियोजन शिकायत (Prosecution Complaint) दाखिल की थी, जिस पर अदालत ने 13 जुलाई 2026 को संज्ञान लिया. मामले की आगे की जांच जारी है.

You may have missed