18 अगस्त को लॉन्च हो सकती है 2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट, डिजाइन और फीचर्स में होंगे अपडेट
1 min readSkoda Auto India अपनी प्रीमियम सेडान Skoda Slavia के फेसलिफ्ट मॉडल को लॉन्च करने वाली है. इसकी लॉन्च डेट का खुलासा हो गया है.![]()
हैदराबाद: कार निर्माता कंपनी Skoda Auto India ने अपनी प्रीमियम सेडान Skoda Slavia के फेसलिफ्ट मॉडल को लॉन्च करने की तारीख का खुलासा कर दिया है. जानकारी के अनुसार कंपनी 18 अगस्त, 2026 को अपडेटेड Slavia सेडान को पेश करने वाली है. संभावना जताई जा रही है कि इस फेसलिफ्टेड प्रीमियम सेडान में कॉस्मेटिक बदलाव, नए फीचर्स और कुछ मैकेनिकल बदलाव किए जा सकते हैं, जिससे यह हाल ही में अपडेट हुई Skoda Kushaq SUV के बराबर आ जाएगी.
एक्सटीरियर में क्या होंगे बदलाव
संभावना जताई जा रही है कि 2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट में शार्पर फ्रंट-एंड डिज़ाइन दिया जाएगा, जिसमें बदली हुई ग्रिल, नए डिज़ाइन वाले LED हेडलैंप और अपडेटेड फ्रंट और रियर बंपर शामिल हो सकते हैं.
इस अपडेट में नए अलॉय व्हील डिज़ाइन और रिफ्रेश्ड टेल लैंप डिटेलिंग भी शामिल हो सकती है, जिससे सेडान को एक ज़्यादा मॉडर्न लुक मिल सकता है, जबकि इसका जाना-पहचाना आकार वैसा ही बना रहेगा.
केबिन में मिलेंगे ज्यादा फीचर्स
इसके इंटीरियर की बात करें तो इसके डैशबोर्ड का लेआउट ज़्यादातर वैसा ही रखा जा सकता है. हालांकि, Skoda इसमें 10.25-इंच का बड़ा पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, अपडेटेड सीट अपहोल्स्ट्री और फ्रंट पार्किंग सेंसर जैसे फ़ीचर दे सकती है. कंपनी इसमें पिछली सीट पर मसाज का फ़ीचर भी जोड़ा जा सकता है. यह फ़ीचर इस साल की शुरुआत में फ़ेसलिफ़्टेड Skoda Kushaq के साथ पेश किया गया था.
लेवल-2 ADAS की उम्मीद
Skoda Slavia फेसलिफ्ट में सबसे बड़े संभावित अपग्रेड में से एक लेवल-2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) का शामिल होना हो सकता है. हालांकि, इस बात की बहुत कम संभावना है कि कंपनी कार में ADAS का फीचर देगी.
ऐसा इसलिए है, क्योंकि Skoda Kushaq फेसलिफ्ट में भी कंपनी ने एडेप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग और लेन कीप असिस्ट जैसे ADAS फीचर्स को शामिल नहीं किया था. यह ध्यान देना जरूरी है कि Skoda Slavia की प्रतिस्पर्धी कारों में ADAS का फीचर मिलता है.
पावरट्रेन में हो सकता है बदलाव
संभावना जताई जा रही है कि इस फेसलिफ्ट मॉडल में इंजन में भी बदलाव किए जा सकते हैं. जहां 1.5-लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ मौजूदा 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स को दिया जाना जारी रहेगा, वहीं 1.0-लीटर TSI इंजन में मौजूदा 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक की जगह नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया जा सकता है. मैनुअल गियरबॉक्स के विकल्प भी जारी रहने की उम्मीद है.
Skoda Slavia फेसलिफ्ट के प्रतिद्वंद्वी
भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद, अपडेटेड Skoda Slavia का मुकाबला Hyundai Verna, Honda City, Volkswagen Virtus और Maruti Suzuki Ciaz जैसी कारों से होने वाला है.