June 16, 2026

कोर्ट मैरिज से खफा ससुर ने सो रहे दामाद पर किया चाकू से जानलेवा हमला, जीआरपी ने दबोचा

1 min read

ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर कोर्ट मैरिज से नाराज ससुर ने अचानक दामाद पर चाकू से हमला कर दिया.

ऋषिकेश: योग नगरी रेलवे स्टेशन पर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अपनी बेटी की कोर्ट मैरिज से नाराज एक ससुर ने सो रहे दामाद पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी के साथ मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सतर्क जीआरपी जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. घायल को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, घायल 25 वर्षीय युवक निवासी पहाड़गंज, अमेठी (उत्तर प्रदेश), अपनी पत्नी, सास और ससुर के साथ कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस से रात करीब दो बजे योग नगरी रेलवे स्टेशन पहुंचा था. ट्रेन से उतरने के बाद सभी लोग आराम करने के लिए स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर सो गए. आरोप है कि इसी दौरान युवक के ससुर निवासी अमेठी, ने पहले से जेब में रखे चाकू को निकालकर सो रहे दामाद पर अचानक हमला कर दिया. आरोपी ने युवक के सिर और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया.

आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. घायल की पत्नी की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. मामले की विस्तृत जांच जारी है.
-सतीश चंद्र, जीआरपी चौकी प्रभारी-

प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई. घटना के तुरंत बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ वहां से भागने लगा. शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे जीआरपी जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी का पीछा किया और उसे हिरासत में ले लिया. वहीं घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश भेजा गया. डॉक्टरों ने उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई है. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि युवक युवती ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व परिवार की इच्छा के विरुद्ध कोर्ट मैरिज की थी.

इस विवाह से युवती के पिता नाराज चल रहे थे. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने इसी नाराजगी के चलते दामाद को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया. घटना के बाद आरोपी की बेटी ने अपने पिता के खिलाफ जीआरपी को तहरीर दी है. तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके पिता ने उसके पति की हत्या करने की नीयत से चाकू से हमला किया.

You may have missed